Champawat Road Accident: पिथौरागढ़-लोहाघाट एनएच पर दो कारों की भिडंत, सात घायल
पिथौरागढ़-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंगदा के पास दो कारों की जोरदार टक्कर में सात लोग घायल हो गए। घायलों को लोहाघाट और पिथौरागढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
पिथौरागढ़-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंगदा के पास दो कारों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को लोहाघाट और पिथौरागढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे धारचूला से सितारगंज की ओर जा रही स्कार्पियो कार (यूके 05 टीए 5271) और टनकपुर से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एसयूवी कार (यूके 05 डी 9007) के बीच सिंगदा घाट के पास जबरदस्त टक्कर हो गई। सूचना पर लोहाघाट के प्रभारी थाना अध्यक्ष हरीश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके में पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में एसयूवी में सवार चालक रोहित चौहान (37) पुत्र त्रिभुवन चौहान निवासी जाखनी, पिथौरागढ़ को गंभीर चोट आई। उन्हें इलाज के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया। उनका पिथौरागढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कार्पियो में बैठे छह लोगों को निजी वाहनों से उपजिला अस्पताल लोहाघाट भेजा गया। उप जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि घायल पार्वती देवी (55) पत्नी नारायण सिंह निवासी अस्कोट और भागीरथी देवी (45) निवासी दार्चुला, नेपाल को अधिक चोट लगी थी। डॉ. राठी ने बताया कि भागीरथी देवी का हाथ फ्रेक्चर है जिन्हें रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि अन्य घायलों में नरेश जोशी और लक्ष्मी निवासी महेंद्र नगर, बिसनी देवी निवासी सितारगंज और आठ साल की वैष्णवी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। लोगों को अस्पताल पहुंचाने में पुलिस टीम से प्रकाश कठैत, गौरव दुर्गापाल और फायर मैन कासिम अली के साथ स्थानीय नागरिक मदन सामंत शामिल रहे।