हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सिंह सैनी ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि इकबालपुर शुगर मिल से बकाया करोड़ों का भुगतान शीघ्र कराया जाए।
प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। आर्थिक तंगी के कारण किसान आत्महत्या जैसे कदम उठा रहा है। सरकार जल्द ही टोल प्लाजा पर चालान काटने की प्रक्रिया को लागू करना चाहती है, लेकिन किसानों को अब तक डिजिटल तकनीकी से नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का यूनियन विरोध करती है। किसानों की समस्याओं के लिए उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी है। कहा कि वाहनों के बीमा, प्रदूषण व अन्य कागजात आदि के लिए कानून तो बनाए जा रहे हैं। लेकिन किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत नहीं किया जा रहा है। विकास सिंह सैनी ने यह भी कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए। सरकार द्वारा किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों की उन्नत फसलों के लिए सरकार को कदम उठाने की जरूरत है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता तौफीक अहमद ने कहा कि देश का किसान खुशहाल होगा तो देश तरक्की की ओर अग्रसर होगा। किसानों के बकाया भुगतान को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों में सरकार को फैसला लेने चाहिए। मुफ्त बिजली किसानों को मुहैया कराए जाए। खेती के लिए आधुनिक उपकरण किसानों को दिए जाएं। ताकि, किसान उन्नत फसलों की पैदावार कर सके। इस मौके पर विनोद प्रजापति, यूनुस अहमद, पदम सिंह सैनी, कर्मवीर सैनी, अब्दुल कादिर, पंकज राणा आदि मौजूद रहे।
कमेंट
कमेंट X