- अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर आयोजित किया गया विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर
पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को परिवार के महत्व, विधिक अधिकारों, बाल संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति, शिक्षा के अधिकार व महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, जहां बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों की शिक्षा मिलती है। उन्होंने बच्चों को परिवार के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने परिवार एवं सामाजिक एकता विषय पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। मौके पर सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला,डॉ. शशांक, विनोद कुमार , जीजो पालाथिंकल, सिस्टर मैरीन, डॉ. सौम्या, लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।