UK: पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की नाबालिग किशोरी से टैक्सी चालक ने किया दुष्कर्म का प्रयास, जानें मामला
नैनीताल से पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। उसे घुमाने लाए टैक्सी चालक ने ही उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नैनीताल से पाताल भुवनेश्वर घूमने आई हरियाणा की नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। उसे घुमाने लाए टैक्सी चालक ने ही उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी चलती टैक्सी से कूदकर चालक के चंगुल से बची तो किसी तरह कोतवाली पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को हरियाणा निवासी 16 साल की नाबालिग किशोरी ने नैनीताल से टैक्सी बुक की और चालक लमगड़ा निवासी नंदन सिंह को काठगोदाम ले चलने के लिए कहा। वहां जाकर किशोरी ने चालक से कहा कि पहाड़ में कहीं घूमने की जगह ले चलो। इस पर चालक ने उसे पाताल भुवनेश्वर ले जाने की बात कही।
पिथौरागढ़ जिले में गंगोलीहाट के पाताल भुवनेश्वर पहुंचते-पहुंचते रात करीब 11 बज गए। इसी बीच गुप्तड़ी के पास रात गहराने का फायदा उठाते हुए चालक ने किशोरी के साथ छेड़खानी शुरू कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। चालक के चंगुल से बचने के लिए किशोरी ने दरवाजा खोलकर चलती टैक्सी से कूद मार दी।
संयोग से वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन को देखकर लड़की मदद के लिए चिल्लाई। संबंधित वाहन चालक और उसमें सवार लोगों ने मामले की जानकारी ली तो पीड़िता ने आपबीती बताई। वाहन में सवार जागरूक लोग दोनों को कोतवाली ले गए।
कोतवाल कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा, 74, 75, 62, 351 (3) व 11/12 पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पूछताछ में पता चला घर से भागकर आई थी किशोरी
पुलिस ने किशोरी से भी पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, किसी बात से नाराज होकर हरियाणा निवासी नाबालिग किशोरी घर से भाग आई। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार चलती टैक्सी से कूदने की वजह से किशोरी को हल्की चोट आई। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। फिलहाल उसकी काउंसिलिंग की जा रही है। परिजनों के आने पर किशोरी को उनके सुपुर्द किया जाएगा।