फाटा। केदारनाथ रोपवे परियोजना में पारदर्शिता, स्थानीय आजीविका की सुरक्षा और रोजगार की मांग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा गया। सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन सिंह चौहान ने बताया कि तीर्थयात्रा पर आधारित केदारघाटी की अर्थव्यवस्था और स्थानीय हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। पत्र में घोड़ा-खच्चर संचालकों, डंडी-कंडी श्रमिकों, टैक्सी चालकों, होटल व्यवसायियों, दुकानदारों, तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय व्यवसायियों के हितों के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग की गई। इसके साथ ही परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट, भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण व सामाजिक प्रभाव आकलन, और मुआवजा नीति को सार्वजनिक करने, प्रभावित परिवारों का सामाजिक-आर्थिक सर्वे कराने, रोपवे परियोजना में 90 प्रतिशत स्थानीय युवाओं, पूर्व सैनिकों व इंजीनियरिंग डिग्रीधारकों को प्राथमिकता देने तथा केदारघाटी में करीब 150 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की मांग प्रमुखता से की गई। संवाद