Kashipur: नाबालिग से जबरन देह व्यापार कराने का खुलासा, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
काशीपुर में करीब 10 महीने से लापता किशोरी को पुलिस ने देह व्यापारियों के चंगुल से मुक्त कराते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
काशीपुर में लगभग 10 महीने पहले घर से संदिग्ध हालात में गायब किशोरी को पुलिस ने देह व्यापारियों के चंगुल से मुक्त करा कर दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
आईटीआई कोतवाली पुलिस को बीती तीन मार्च को एक व्यक्ति ने तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि उसकी नाबालिग बेटी 17 मई 2025 से संदिग्ध हालात में गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बीते दिन किसी व्यक्ति ने उसे जानकारी है कि उसकी बेटी हरियावाला में जाहिद के मकान में एक हिंदू महिला के साथ रह रही है। उन लोगों ने उसको बंधक बनाकर रखा हुआ है और जबरन देह व्यापार कराने के साथ गैंगरेप भी करते हैं।
कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि पुलिस ने बताए गए पते पर छापा मारा। पुलिस ने मकान से जाहिद निवासी ग्राम इस्लामनगर हरियावाला व मूल निवासी सरदारनगर जनपद मुरादाबाद (यूपी), शिवम निवासी महुआखेड़ा गंज व मूल निवासी ग्राम मानपुर गजरौला थाना भगतपुर (यूपी), सोमा उर्फ जानवी निवासी हरियावाला थाना कुंडा मूल निवासी शरीफनगर ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद और शोभा रानी निवासी ग्राम महुआखेड़ा गंज मूल निवासी ग्राम मानपुर गजरौला भगतपुर (यूपी) को गिरफ्तार कर लिया। मौके से किशोरी को भी पुलिस ने बरामद किया गया।
किशोरी को लंबे समय से बंधक बनाकर रखा गया था। मेडिकल जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में कुछ अन्य लोग फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच भी की जा रही है। जो लोग भी शामिल होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - स्वप्न किशोर सिंह, एसपी, काशीपुर