छतरपुर जिले के अल्प प्रवास पर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की मोहन यादव सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध धंधे, माफिया, अपराध और भारतीय जनता पार्टी एक ही चोली-दामन के साथी बन चुके हैं। भाजपा के विधायक, मंत्री और कार्यकर्ताओं के आपत्तिजनक वीडियो लगातार वायरल होना इसी सच्चाई को उजागर करता है।
जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के व्यक्तित्व और नेतृत्व का प्रभाव पूरी तरह समाप्त हो चुका है। मात्र दो वर्षों के कार्यकाल में यह स्पष्ट हो गया है कि उनका कार्यशैली प्रदेश और देश को उन्नति की दिशा में नहीं ले जा सकी। सरकार प्रशासन संभालने में विफल रही है और जनता पर उसका नियंत्रण समाप्त हो चुका है।
कलेक्टरों पर रिश्वत के आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई कलेक्टर रिश्वत ले रहे हैं और बिना रिश्वत कोई काम नहीं हो रहा। इस बात को सरकार के सबसे बड़े अधिकारी, मुख्य सचिव, स्वयं स्वीकार कर चुके हैं। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की चुप्पी इस बात का संकेत है कि वे इस स्थिति को स्वीकार कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें-
एसआई ने एसपी की कर दी शिकायत, लगाया गाली-गलौज-मानसिक प्रताड़ना और झूठी जांच का आरोप
अवैध रेत खनन का मुद्दा
अवैध रेत खनन को लेकर पटवारी ने कहा कि हालात सिर्फ छतरपुर में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस क्षेत्र में हैं जहां रेत उपलब्ध है। वहां नेताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों का खुला गठजोड़ चल रहा है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2012-14 के दौरान देश को “विश्व गुरु” बनाने, नया भारत गढ़ने, दो करोड़ रोजगार देने, 15-15 लाख रुपये देने और काला धन वापस लाने जैसे बड़े वादे किए थे, लेकिन आज देश और अर्थव्यवस्था की स्थिति सबके सामने है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान का दावा
उन्होंने कहा कि अमेरिका में हुए हालिया खुलासों को पूरा देश देख रहा है, जिससे दुनिया में भारत के वर्चस्व को नुकसान पहुंचा है। पटवारी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी संसद में अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार सच से डर रही है। पटवारी ने आरोप लगाया कि यह झूठ और वोट चोरी की सरकार है और आने वाले चुनावों में भाजपा और नरेंद्र मोदी दोनों सत्ता से बाहर होंगे।
संगठनात्मक बैठकें
छतरपुर प्रवास के दौरान जीतू पटवारी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्षों की विधानसभा-वार समीक्षा की और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य पंचायत स्तर पर संगठन का गठन कर कांग्रेस को मजबूत करना है। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की पाखंड और झूठ की राजनीति ही उसकी हार का कारण बनेगी।