मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जगन्नाथपुरी की यात्रा पर निकले 63 वर्षीय यात्री की सफर शुरू होते ही तबीयत बिगड़ गई। ट्रेन के दमोह रेलवे स्टेशन से रवाना होने के करीब दो मिनट बाद उन्हें अचानक पसीना आने लगा और उनकी हालत बिगड़ने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन में मौजूद स्टाफ ने चेन पुलिंग कर गाड़ी रुकवाई। इसके बाद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया और यात्री को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी और गुरुवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दमोह के असाटी वार्ड निवासी रामकिशोर असाटी (63) के रूप में हुई है, वे अपनी पत्नी के साथ तीर्थयात्रा पर जा रहे थे। घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जगन्नाथपुरी जा रही ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। ट्रेन प्लेटफॉर्म से निकलने के लगभग दो मिनट बाद रामकिशोर असाटी की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें पसीना आने लगा, जिसके बाद ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर गाड़ी रुकवाई। ट्रेन में तैनात डॉक्टर ने यात्री की जांच कर उपचार किया। इसके बाद उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस की मदद ली गई।
जिला अस्पताल में सीपीआर देकर बचाने की कोशिश
रामकिशोर असाटी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए सीपीआर भी दिया लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में इलाज करने वाले डॉक्टर बहादुर सिंह के अनुसार यात्री की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई। उन्होंने बताया कि मरीज की स्थिति गंभीर थी और चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पहले से खराब थी तबीयत
अस्पताल में उपचार के दौरान रामकिशोर असाटी की शुगर करीब 300 पाई गई, जबकि उनका ब्लड प्रेशर काफी कम था। चिकित्सकों ने आशंका जताई कि उनकी तबीयत पहले से खराब हो सकती थी, जिसके चलते यात्रा के दौरान अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ गई। हालांकि मौत की परिस्थितियों के संबंध में चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार हार्ट अटैक को कारण बताया गया है।
ये भी पढ़ें: राजस्व कार्यों में भ्रष्टाचार पर एक्शन: स्वामित्व योजना में काम नहीं होने पर जााएगी कलेक्टरी, सीएस का अल्टीमेटम
नायब तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से चर्चा कर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी किए जाने की प्रक्रिया निर्धारित की गई।
479 यात्रियों के साथ रवाना हुई थी तीर्थ दर्शन ट्रेन
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जगन्नाथपुरी जा रही ट्रेन को रवाना करने के लिए पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। मंत्री ने बताया था कि ट्रेन में कुल 479 यात्री यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों की सहायता और सुरक्षा के लिए 10 अनुरक्षक, एक डॉक्टर, एक सहायक और पांच सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुगम तीर्थयात्रा के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं।
लेकिन यात्रा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद एक यात्री की तबीयत बिगड़ने और फिर अस्पताल में उनकी मौत होने से दुखद स्थिति बन गई। जिस यात्रा के लिए रामकिशोर असाटी अपनी पत्नी के साथ घर से निकले थे, वह यात्रा उनके लिए अधूरी रह गई।