डूंगरपुर जिले के साबला थाना इलाके के धाणी कटारा गांव में रविवार को एक युवक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सोमवार को युवक का एक मिनट का वीडियो वायरल हुआ, जो उसकी मौत से पहले का बनाया बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त दो पेज का सुसाइड नोट मिला। वीडियो और सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के जिम्मेदारों के नाम लिए हैं। साथ ही एक पुलिसकर्मी पर भी आरोप लगाया है।
धाणी कटारा गांव निवासी कीर्ति कुमार (29) पुत्र दलीप्रसाद कटारा रविवार को उसके घर से कुछ दूर पेड़ से फंदे से लटका मिला था। लोग उसे फंदे से उतार कर आसपुर अस्पताल ले गए। वहां डाॅक्टर ने हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया था। पुलिस जीप से उसे डूंगरपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। युवक के पिता शारीरिक शिक्षक के पद पर जैसलमेर में नियुक्त हैं।
एक मिनट का वीडियो वायरल
सोमवार को मृतक कीर्ति कुमार का एक मिनट का वीडियो वायरल हुआ। इसमें उसने कहा कि वह पड़ोसी मुरलीधर, उसकी पत्नी लक्ष्मी और बेटे सुनील कटारा की प्रताड़ना से परेशान होकर सुसाइड कर रहा है। इन लोगों ने उस पर एक्सीडेंट का झूठा मुकदमा और एक गाड़ी जलाने का झूठा आरोप लगाया था, जिससे मानसिक तनाव में है। उनको कड़ी से कड़ी सजा दो। 2 पेज का सुसाइड नोट में भी उसने इसी घटनाक्रम का उल्लेख किया है।
पढ़ें: झालावाड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, 3 घंटे धरने के बाद मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
एएसआई पर भी लगाए गंभीर आरोप
उसने लिखा है कि एएसआई तखतसिंह ने भी गलत काम करने में उक्त तीनों लोगों का सपोर्ट किया। इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। उसने लिखा कि मुझे एसपी साहब पर भरोसा है। मुझे न्याय मिले और आए दिन मेरे घर वालों को भी ये परेशान करते हैं और झूठा मुकदमा भी भविष्य में कर सकते हैं।
4 महीने पहले हुई थी शादी
कीर्ति कुमार ने सुसाइड नोट में लिखा कि उसकी शादी 4 महीने पहले हुई है। शादी के बाद से पड़ोसी के लड़ाई-झगड़े से पति-पत्नी दोनों परेशान है। उनका पुराना और नया घर भी पास में है। आरोपी भी पड़ोस में ही रहते है। आए दिन परेशान करते रहते है। जानबूझकर लड़ाई करते हैं, फिर से झूठा मुकदमा करने व फंसाने की कोशिश करते हैं।
यह बोले थानाधिकारी?
इस मामले में थानाधिकारी प्रदीप बिट्ठू ने कहा कि मृतक का पड़ोसी से विवाद चल रहा था। इसी संबंध में मुकदमेबाजी भी चल रही है। सुसाइड नोट में पड़ोसियों द्वारा परेशान करने की बात लिखी है। इसे लेकर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।