सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Intel flags Al-Qaeda bid to stoke unrest in Pakistan after ttp attacks afghanistan

पाकिस्तान की खैर नहीं: टीटीपी के बाद अल-कायदा ने भी PAK के खिलाफ छेड़ी लड़ाई, खुफिया रिपोर्ट में दावा

पीटीआई, नई दिल्ली Published by: Nitin Gautam Updated Fri, 01 May 2026 02:38 PM IST
विज्ञापन
सार

पाकिस्तान के खिलाफ अफगान तालिबान और अल कायदा ने हाथ मिला लिया है। खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, अल कायदा ने पाकिस्तानी सरकार और सेना के खिलाफ अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इससे पहले ही टीटीपी की चुनौती से जूझ रही पाकिस्तानी सरकार की मुश्किलें बढ़नी तय हैं। 

Intel flags Al-Qaeda bid to stoke unrest in Pakistan after ttp attacks afghanistan
आतंकियों की पहचान - फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन

विस्तार

पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कराने की कोशिश में घरेलू मोर्चे पर घिरता जा रहा है। दरअसल खुफिया रिपोर्ट में पता चला है कि खूंखार आतंकी संगठन अल-कायदा, पाकिस्तान में अशांति भड़काना चाहता है और उसने इसकी कोशिशें भी शुरू कर दी हैं। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, इस बात के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। अल-कायदा को लेकर यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब पहले से ही पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। अल कायदा, अफगान तालिबान के समर्थन में ही पाकिस्तान के खिलाफ हुआ है।
Trending Videos


पाकिस्तान के खिलाफ अल कायदा ने तेज किया अपना प्रचार अभियान
खुफिया ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में अल-कायदा की मीडिया इकाई ने पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठान के खिलाफ अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। अल कायदा का मानना है कि पाकिस्तान सरकार पश्चिमी देशों के करीब जा रही है, जिससे क्षेत्रीय हित प्रभावित हो रहे हैं। अल-कायदा ने पाकिस्तान सेना और अफगानिस्तान में उसकी भूमिका की आलोचना करते हुए अपने समर्थकों से पाकिस्तान में शासन के खिलाफ लड़ाई छेड़ने का आह्वान किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आईएसआईएस का भी समर्थन कर रहा पाकिस्तान
एक खुफिया ब्यूरो अधिकारी के मुताबिक, यह घटनाक्रम अपेक्षित था। पाकिस्तान न केवल अफगानिस्तान के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, बल्कि वह अल-कायदा के प्रतिद्वंद्वी संगठन इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (आईएसकेपी) को भी बढ़ावा दे रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, आईएसकेपी ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ लड़ाई में लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के साथ मोर्चा संभाला है। हालांकि पहले आईएसकेपी पाकिस्तान के खिलाफ बोलता रहा है, लेकिन अब वह उसका सहयोगी बन गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आईएसकेपी का मुख्य लक्ष्य तालिबान के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत करना है। तालिबान के कमजोर होने से आईएसकेपी को अफगानिस्तान में विस्तार का मौका मिल सकता है। हालांकि अब तक अफगान तालिबान ने आईएसकेपी को काफी हद तक नियंत्रित रखा है।

सेना के खिलाफ लोगों की नाराजगी का फायदा उठाने की कोशिश
वर्तमान हालात में अल-कायदा को लगता है कि वह पाकिस्तान में जनभावनाओं का फायदा उठाकर आंतरिक अस्थिरता पैदा कर सकता है। पाकिस्तान में बड़ी संख्या में लोग सरकार और खासकर पाकिस्तानी सेना के खिलाफ हैं, लेकिन सेना की सख्ती के कारण उनकी आवाज दबा दी गई है। अल-कायदा इन्हीं भावनाओं को भुनाने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि अल-कायदा निकट भविष्य में पाकिस्तान में बड़े हमलों की साजिश रच सकता है। अपने प्रचार माध्यमों के जरिए संगठन ने लोगों को हिंसा के लिए उकसाया है और पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की बात कही है।

संगठन ने अफगानिस्तान के समर्थन का भी ऐलान किया है और उन लोगों को अपने साथ लाने की कोशिश कर रहा है जो अफगान मुद्दों के प्रति सहानुभूति रखते हैं। अफगान शरणार्थियों को पाकिस्तान से बाहर निकालने के मुद्दे को भी अल-कायदा अपने प्रचार में प्रमुखता से उठा रहा है। खुफिया अधिकारियों का कहना है कि भले ही अल-कायदा इस समय सैन्य रूप से उतना मजबूत नहीं है, लेकिन उसकी विचारधारा अभी भी दुनिया भर में कई लोगों को प्रभावित करती है, जिससे उसकी प्रासंगिकता बनी हुई है।

पाकिस्तान में कई आतंकी संगठनों के सक्रिय होने का खतरा पैदा हुआ
विशेषज्ञों के मुताबिक, अल-कायदा पहले व्यापक प्रचार के जरिए माहौल बनाने की कोशिश करेगा, ताकि पाकिस्तान में असंतोष बढ़े और उसे नए समर्थक मिल सकें। इसके बाद वह बड़े हमलों की योजना बना सकता है। विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि पाकिस्तान की नीतियों, खासकर अफगानिस्तान, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में हस्तक्षेप ने क्षेत्र को अस्थिर बना दिया है, जिससे कई आतंकी संगठनों को फिर से सक्रिय होने का मौका मिला है। 


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed