{"_id":"631f883b11db3b2abb5f2b5b","slug":"new-work-passes-will-not-be-misused-in-singapore-read-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"World News: सिंगापुर में नए वर्क पास का दुरुपयोग नहीं, पर्यटक वीजा की जरूरत खत्म करेगी जापान सरकार","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
World News: सिंगापुर में नए वर्क पास का दुरुपयोग नहीं, पर्यटक वीजा की जरूरत खत्म करेगी जापान सरकार
Tue, 13 Sep 2022 01:10 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी, सिंगापुर।
एजेंसी, सिंगापुर।
Published by: Jeet Kumar
Updated Tue, 13 Sep 2022 01:10 AM IST
सार
सिंगापुर ने भारतीय रुपये में 17,09,660 प्रतिमाह कमाने वाले या कला, संस्कृति, खेलों, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां पाने वाले विदेशियों को एक जनवरी 2023 से देश में वर्क पास देने की योजना बनाई है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश के मानव श्रम मंत्री तान सी लेंग ने सोमवार को संसद को आश्वासन दिया, यह सुनिश्चित करने के इंतजाम होंगे कि दुनिया के उच्च प्रतिभाशाली लोगों को बसाने के लिए लागू नए वर्क पास का दुरुपयोग न हो सके। नए वर्क पास के तहत ऊंची कमाई वाले और उच्च उपलब्धियां हासिल कर चुके लोगों को देश में बिना पहले नौकरी सुनिश्चित किए रहने की अनुमति होगी।
विज्ञापन
दुनिया में प्रतिभा के हब के रूप में सिंगापुर की स्थिति मजबूत करने के लिए मंत्रिस्तरीय वक्तव्य के दौरान तान ने यह बात कही। दुनिया की प्रतिभाओं को आकर्षित करने की नई योजना, स्थानीय प्रतिभाओं के विकास के लिए योजना के संबंध में संसद में 24 सवाल पूछे गए। सिंगापुर ने भारतीय रुपये में 17,09,660 प्रतिमाह कमाने वाले या कला, संस्कृति, खेलों, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां पाने वाले विदेशियों को एक जनवरी 2023 से देश में वर्क पास देने की योजना बनाई है।
विज्ञापन
पर्यटक वीजा की जरूरत खत्म करेगी जापान सरकार
जापान में विदेशी पर्यटकों के लिए सरकार सीमा नियंत्रण में ढील देने जा रही है। इसके बाद जापान में पर्यटकों की आवाजाही आसान हो जाएगी। जापानी समाचार एजेंसी फुजी न्यूज नेटवर्क के मुताबिक, जापान सरकार कुछ देशों से पर्यटक वीजा जरूरतें माफ करने की योजना बना रही है।
विज्ञापन
यदि पर्यटक वीजा आवश्यकता खत्म होती है तो सीमा नियंत्रण में और ढील दी जा सकेगी। नेटवर्क के मुताबिक, प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा इस सप्ताह की शुरुआत में ही इस मसले पर फैसला लेकर अक्तूबर से इसे लागू करने की घोषणा कर सकते हैं। बता दें, कोरोना से पहले जापान को 68 देशों और प्रांतों के लिए पर्यटक वीजा की आवश्यकता नहीं थी, लेकिन महामारी फैलने के दौरान सभी के लिए पर्यटक वीजा अनिवार्य कर दिया गया। जापान ने पिछले हफ्ते विदेशी यात्रियों की दैनिक सीमा को 20,000 से बढ़ाकर 50,000 कर दिया और पूर्व-प्रस्थान कोविड परीक्षणों की आवश्यकता को समाप्त कर दिया है।
अमेरिका में घृणा अपराध व गांधी प्रतिमा तोड़ने के खिलाफ प्रदर्शन
हाल ही में अमेरिका में बढ़ते घृणा अपराधों और महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटनाओं के खिलाफ भारतीय-अमेरिकियों ने टाइम स्क्वायर पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बाइडन प्रशासन से ऐसे मामलों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आग्रह किया।
यह प्रदर्शन सामुदायिक संगठनों एवं ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन अमेरिकन्स’ (एफआईए) के सहयोग से आयोजित किया गया। समुदाय के प्रतिनिधियों ने न्यूयॉर्क और अमेरिका के अन्य शहरों में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर हाल में हुए हमलों पर भी चिंता जताई। पीड़ितों और लोगों की जान की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले सभी नायकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन रखा गया और प्रार्थना की गई।
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने घृणा अपराधों और आतंकवाद के खिलाफ सतर्क रहने तथा सद्भाव और अहिंसा को अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। इस मौके पर अध्यक्ष केनी देसाई और समुदाय के नेता प्रेम भंडारी ने भी संबोधित किया।
अमेरिकी संसद भवन में अमृत महोत्सव मनाएंगे 75 संगठन
भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर 75 भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने 14 सितंबर से यूएस कैपिटल (अमेरिकी संसद भवन) में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने की घोषणा की है। कार्यक्रम में अमेरिकी सांसदों के साथ भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू भी मौजूद रहेंगे।
‘भारत-अमेरिकी संबंध परिषद’ के सीईओ और आयोजन समिति के अध्यक्ष जशवंत पटेल ने कहा, भारतीय प्रवासी संगठन इस अवसर का उपयोग भारत की समृद्ध परंपरा, उसके नायकों, लोगों और उनकी उपलब्धियों को याद करने के लिए करेंगे। पटेल ‘सनातन संस्कृति के लिए सरदार पटेल कोष’ के अध्यक्ष भी हैं।
पिछले 75 वर्षों में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आयोजकों ने एक बयान में कहा कि भारततवंशी समुदाय की उपलब्धियों में स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी, मानवाधिकार, स्थिरता, पर्यावरणीय स्वास्थ्य सहित अन्य शामिल हैं।
स्वीडन में अवैध प्रवासी विरोधी गठजोड़ सरकार बनाने के करीब
स्वीडन में लगभग एक दशक बाद दक्षिणपंथी गठबंधन फिर सरकार बनाने के करीब है। गिरोहों की हिंसा से मतदाताओं की नाराजगी ने आव्रजन विरोधी दल को निर्णायक बढ़त दिलाई है। सोमवार देर शाम तक 95 फीसदी मतों की गिनती के बाद दक्षिणपंथी दलों के गठजोड़ को 349 सदस्यीय सदन रिक्सदाग में 175 सीटों पर बढ़त दिला दी है।
वामपंथी पार्टियों के गठबंधन को 174 सीटें मिली हैं। विदेश में रहने वाले मतदाताओं के वोटों की गिनती अभी बाकी है। मतगणना बुधवार तक पूरी होने के बाद आधिकारिक नतीजे घोषित किए जाएंगे। अभी तक स्वीडन को यूरोप में प्रवासियों के लिए सबसे उदार देश माना जाता रहा है। दक्षिणपंथी दलों के सत्ता में आने के बाद आव्रजन को लेकर सख्ती बढ़ने के आसार हैं। एजेंसी