Philippines Earthquake: फिलीपींस में 15 की मौत, 120+ घायल; 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट
फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। तटीय इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। दोपहर करीब 1.20 बजे आई एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप के कारण 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि 120 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से मिंडानाओ में सोमवार सुबह तेज भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.8 दर्ज की गई है, जिसके बाद कई तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। भूकंप के कारण अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। 120 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
राष्ट्रपति ने आपातकालीन एजेंसियों को अलर्ट किया
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस ने नागरिक सुरक्षा कार्यालय और राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन परिषद समेत तमाम आपातकालीन एजेंसियों को सतर्क और सक्रिय रहने को कहा। सरंगानी, दावो ओक्सिडेंटल, तावी-तावी और सुलू सहित नौ प्रांतों के लोगों को तुरंत ऊंची जगहों पर जाने के निर्देश।
बिंदुवार पढ़ें भूकंप से जुड़े घटनाक्रम
- अमेरिका की पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने फिलीपींस के तटीय इलाकों में 3 मीटर (9.8 फीट) तक ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी जारी की।
- इंडोनेशिया और मलयेशिया के कुछ हिस्सों में 1 मीटर (3.3 फीट) तक ऊंची लहरें आने की संभावना।
- जापान और इंडोनेशिया के अधिकारियों ने भी खतरनाक समुद्री लहरों की चेतावनी जारी की।
- तटीय क्षेत्रों में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह।
- सामाजिक कल्याण और विकास विभाग ने क्षेत्रीय कार्यालयों को अपने मोबाइल कमांड सेंटर, मोबाइल किचन और अन्य आवश्यक उपकरण और संसाधन तैनात करने के निर्देश दिए।
- इससे पहले पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक 10.10 बजे तक चार लोगों की मौत हुई है, जबकि 200 से अधिक लोग हताहत हुए हैं।
घरों से बाहर निकले लोग सुरक्षित जगहों पर भागे
भूकंप के बाद बिजली आपूर्ति बाधित होने और लोगों के घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जनरल सैंटोस के पास था भूकंप का केंद्र
फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर जनरल सैंटोस शहर से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी। भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे आया, जिससे पूरे क्षेत्र में तेज झटके महसूस किए गए।
सुनामी का खतरा, ऊंची लहरों की चेतावनी
भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने संभावित सुनामी का अलर्ट जारी किया। इसके बाद इंडोनेशिया की भूभौतिकी एजेंसी ने भी अपने उत्तर-पूर्वी तटीय इलाकों के लिए चेतावनी जारी कर दी। फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने चेतावनी दी है कि प्रभावित तटीय क्षेत्रों में सामान्य ज्वार स्तर से एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इन लहरों का असर कई घंटों तक बना रह सकता है।
ये भी पढ़ें- फिलीपींस में भूकंप से दहशत: झटकों से पलभर में ढही इमारतें; चार की मौत, 200+ घायल; तस्वीरों में दिखा भयावह मंजर
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह
फिलीपींस भूकंप संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों या ऊंचे इलाकों में जाने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव दल को अलर्ट कर दिया गया है।
कई देशों में महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके सिर्फ फिलीपींस तक सीमित नहीं रहे। इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और नॉर्थ मालुकू प्रांतों में भी कंपन महसूस किया गया। इसके अलावा ताइवान, जापान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत के कई द्वीप देशों में भी हल्के झटकों की संभावना जताई गई है।
क्यों बार-बार आता है भूकंप?
गौरतलब है कि फिलीपींस और इंडोनेशिया दोनों दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में गिने जाते हैं। ये देश "पैसिफिक रिंग ऑफ फायर" नामक भूगर्भीय क्षेत्र में स्थित हैं, जहां कई टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं। इसी कारण यहां अक्सर बड़े भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिलती हैं। साथ ही यह देश हर साल करीब 20 तूफानों और टाइफून का भी सामना करता है।