फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Texas Muslim Community Faces Rising Hate: Why Is Fear Growing Amid a Changing Political Climate?

Texas: टेक्सास में मुस्लिमों के खिलाफ बढ़ती नफरत से क्यों बढ़ी दहशत, बदलते माहौल में क्या है डर की वजह?

Wed, 19 Aug 2026 08:17 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टेक्सास
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, टेक्सास Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 19 Aug 2026 08:17 AM IST
सार

टेक्सास में मुस्लिम समुदाय के बीच नफरती बयानबाजी और कुछ घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ रही है। डलास-फोर्ट वर्थ क्षेत्र में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ी है और यहां बड़ी संख्या में मस्जिदें भी हैं। समुदाय के लोगों का कहना है कि 9/11 के बाद कम हुआ विरोध फिर तेज होता दिख रहा है। लेकिन सवाल है कि टेक्सास में मुस्लिमों के खिलाफ माहौल क्यों बदल रहा है और इसका असर कितना गंभीर है? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Texas Muslim Community Faces Rising Hate: Why Is Fear Growing Amid a Changing Political Climate?
टेक्सास में अब फिर क्यों बढ़ने लगी मुस्लिम विरोधी बयानबाजी? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

टेक्सास में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय में उनके खिलाफ नफरती बयानबाजी और विरोध की घटनाएं बढ़ी हैं। डलास के आसपास के इलाकों में दक्षिणपंथी नेताओं की बयानबाजी ने इस चिंता को और बढ़ाया है। कई मुस्लिम परिवारों का कहना है कि वे बेहतर स्कूल, किफायती घर और मजबूत समुदाय की तलाश में टेक्सास आए थे, लेकिन अब बदलते माहौल को लेकर असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।

विज्ञापन

गुलाम केहर को परिवार की चिंता क्यों सताने लगी?

गुलाम केहर दो महीने पहले सुबह जल्दी उठकर टेक्सास के इविंग स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। इसके बाद वह अमेरिकी तटरक्षक बल के महीनों लंबे अभियान में सेवाएं देने के लिए रवाना हुए। वह पहले भी ऐसे अभियानों में हिस्सा ले चुके थे, लेकिन इस बार घर से निकलते समय उन्हें परिवार की चिंता सता रही थी। उन्होंने ऐसी व्यवस्था करने की कोशिश की कि जरूरत पड़ने पर कनाडाई सीमा के पास मौजूद अपने तैनाती स्थल तक परिवार पहुंच सके।

विज्ञापन

मस्जिदों के आसपास किस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं?

  • टेक्सास की कुछ मस्जिदों में नमाज के लिए आने वाले लोगों को आसपास से अभद्र टिप्पणियां सुनने की शिकायत है।
  • इविंग स्थित वैली रांच इस्लामिक सेंटर भी ऐसे माहौल से अछूता नहीं बताया गया है।
  • मई में प्राइमरी रनऑफ चुनाव के दौरान मुस्लिम समुदाय को लेकर नफरती माहौल और ज्यादा चर्चा में आया।
  • डलास के एक सिनेमाघर में मई के अंत में करीब 300 लोग ऐसी डॉक्यूमेंट्री देखने पहुंचे। जिसमें अमेरिका में इस्लाम के कथित विनाशकारी प्रभाव की बात की गई थी।
  • विज्ञापन
    विज्ञापन

 



मुस्लिम आबादी बढ़ने के साथ क्या बदला?

टेक्सास में मुस्लिम आबादी पिछले वर्षों में बढ़ी है। डलास-फोर्ट वर्थ महानगर क्षेत्र में 2024 में मुस्लिम आबादी करीब 1.59 लाख बताई गई, जबकि एक दशक पहले यह संख्या लगभग 79 हजार थी। टेक्सास में मुस्लिमों की कुल संख्या तीन से पांच लाख के बीच होने का अनुमान है। राज्य की कुल आबादी में उनका हिस्सा करीब एक से दो प्रतिशत बताया जाता है। हालांकि, अमेरिका की जनगणना में धर्म से जुड़ा सवाल नहीं पूछा जाता, इसलिए सटीक संख्या उपलब्ध नहीं है।

क्या मुस्लिमों के खिलाफ राजनीति भी तेज हुई है?

टेक्सास में कट्टरपंथी इस्लाम का विरोध लंबे समय से रिपब्लिकन राजनीति का हिस्सा रहा है। लेकिन मुस्लिम आबादी बढ़ने के साथ इस विरोध को लेकर बहस भी तेज हुई है। न्यूयॉर्क में जोहरान ममदानी के मेयर बनने और मिशिगन में सीनेट के लिए अब्दुल एल-सईद जैसे मुस्लिम नेताओं की राजनीतिक सफलता ने भी राष्ट्रीय स्तर पर इस समुदाय को लेकर चर्चा बढ़ाई है। मुस्लिम नेताओं का कहना है कि इससे राजनीतिक बयानबाजी का असर स्थानीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है।

टेक्सास सरकार पर क्या आरोप लगाए जा रहे हैं?

मुस्लिम संगठनों का आरोप है कि मामला केवल नेताओं की बयानबाजी तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट और अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन जैसे नेताओं ने कुछ मुस्लिम संस्थाओं की जांच शुरू की है। एबॉट ने उन हवाईअड्डों की सरकारी फंडिंग रोकने की धमकी भी दी, जहां मुस्लिम यात्रियों के लिए वजू की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इन कदमों को लेकर मुस्लिम समुदाय में चिंता बढ़ी है।

क्या धमकी और विरोध की घटनाएं भी सामने आई हैं?

कुछ मामलों में मुस्लिम समुदाय के लोगों को सीधे धमकियों और विरोध का सामना करना पड़ा। ह्यूस्टन के एक इस्लामिक सेंटर को धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। कॉनरो में एक महिला ने एक किराने की दुकान पर मुस्लिम ग्राहकों से कथित तौर पर कहा कि इस राज्य या देश में उनका स्वागत नहीं है। मैककिने में एक मस्जिद के विस्तार से जुड़ी सिटी काउंसिल की बैठक में भी मुस्लिम विरोधी संदेश के साथ एक घटना सामने आई।

चुनावी बयानबाजी कितनी तीखी हो गई?

हालिया चुनाव के दौरान रिपब्लिकन नेता बो फ्रेंच की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भी विवाद खड़ा किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने लिखा कि वह तब तक चैन से नहीं बैठेंगे, जब तक हर मुस्लिम वहां से चला नहीं जाता। ऐसी बयानबाजी को मुस्लिम नेता गंभीर मान रहे हैं। उनका कहना है कि 9/11 के बाद लंबे समय में मुस्लिमों के खिलाफ नफरत का माहौल कम हुआ था, लेकिन अब उन्हें एक बार फिर वैसा ही माहौल लौटता दिखाई दे रहा है।

टेक्सास में मुस्लिम परिवारों की आबादी कहां ज्यादा है?

डलास-फोर्ट वर्थ महानगर क्षेत्र टेक्सास में मुस्लिम समुदाय के प्रमुख केंद्रों में से एक बन गया है। यहां दर्जनों मस्जिदें मौजूद हैं और कुछ नई मस्जिदों का निर्माण भी हो रहा है। तमाम मुस्लिम परिवार बेहतर शिक्षा, अपेक्षाकृत सस्ता घर और अपने समुदाय के बीच रहने के लिए यहां पहुंचे हैं। डेट्रॉयट से इविंग आए तम्मम अलवान का कहना है कि वे अच्छी जिंदगी की तलाश में यहां आए थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि वे मुश्किल स्थिति में फंस गए हैं।

क्या अमेरिका का संविधान मुस्लिमों को सुरक्षा देता है?

वैली रांच मस्जिद के मुस्लिम विद्वान डॉ. उमर सुलेमान का कहना है कि अमेरिकी संविधान धार्मिक सुरक्षा देता है। उनका आरोप है कि कुछ कट्टर रूढ़िवादी ताकतें इन सुरक्षा उपायों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाए जाने के खिलाफ मजबूत कानूनी बचाव की जरूरत है। वहीं कैथोलिक समुदाय से जुड़े फिल्म निर्देशक फ्रैंक एक्स पैनिको का कहना है कि इस विरोध के खिलाफ आवाज उठाने वालों में बड़ी संख्या ईसाइयों की भी है।

क्या बदलता माहौल आगे और बड़ा विवाद बन सकता है?

टेक्सास में मुस्लिम आबादी के बढ़ने के साथ उनके सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव का दायरा भी बढ़ा है। दूसरी तरफ, कुछ राजनीतिक और सामाजिक समूहों की ओर से इस समुदाय को लेकर तीखी बयानबाजी सामने आ रही है। इससे तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है। मुस्लिम समुदाय के लिए चुनौती केवल सुरक्षा की नहीं, बल्कि अपने धार्मिक अधिकारों और सामान्य सामाजिक जीवन को सुरक्षित बनाए रखने की भी है। ऐसे में आने वाले समय में राजनीतिक बयानबाजी और सरकारी फैसले यह तय कर सकते हैं कि टेक्सास का यह माहौल किस दिशा में जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed