{"_id":"6a1e5a7349292f29bc0514bf","slug":"us-uncovers-mexico-california-drug-tunnel-have-rail-lift-facilities-seizes-rs-427-crore-worth-of-cocaine-2026-06-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"US: दो देशों के बीच ड्रग्स तस्करी के लिए खोदी सुरंग, लिफ्ट से लेकर रेल तक की सुविधा; 427 करोड़ ₹ की कोकीन जब्त","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
US: दो देशों के बीच ड्रग्स तस्करी के लिए खोदी सुरंग, लिफ्ट से लेकर रेल तक की सुविधा; 427 करोड़ ₹ की कोकीन जब्त
आईएएनएस, वॉशिंगटन
Published by: Devesh Tripathi
Updated Tue, 02 Jun 2026 09:52 AM IST
विज्ञापन
सार
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने मेक्सिको से कैलिफोर्निया तक फैले एक गुप्त भूमिगत तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक टन से अधिक कोकीन बरामद की है, जिसकी कीमत सैकड़ों करोड़ रुपये आंकी गई है। कई महीनों की निगरानी के बाद अधिकारियों को एक कथित रिटेल स्टोर के नीचे बनी अत्याधुनिक सुरंग का पता चला, जिसमें बिजली, वेंटिलेशन और माल ढुलाई की सुविधाएं मौजूद थीं।
सुरंग (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
अमेरिकी संघीय जांच एजेंसियों ने मेक्सिको से दक्षिणी कैलिफोर्निया तक फैली एक अत्याधुनिक भूमिगत सुरंग का भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही करीब 427 करोड़ रुपये की एक टन से अधिक कोकीन भी जब्त की है। अधिकारियों ने इसे एक शक्तिशाली मैक्सिकन ड्रग कार्टेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है।
कई महीनों तक चली निगरानी के बाद इस गुप्त तस्करी मार्ग का खुलासा हुआ, जो अमेरिका-मेक्सिको सीमा के पास स्थित एक कथित खुदरा स्टोर के नीचे से होकर गुजरता था। इस मामले में चार लोगों पर मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: सैनिकों की कमी से जूझ रहे इस्राइल में बवाल: सैन्य भर्ती के खिलाफ कट्टरपंथी यहूदी सड़कों पर उतरे, हिंसा-आगजनी
Trending Videos
रिटेल स्टोर के नीचे बनाई थी सुरंग
यह भूमिगत सुरंग मेक्सिको के तिजुआना शहर से कैलिफोर्निया के ओटे मेसा पोर्ट ऑफ एंट्री के पास स्थित "बाय 4 लेस" नामक कथित स्टोर तक जाती थी। संघीय अधिकारियों के अनुसार, सुरंग की लंबाई करीब 1,933 फीट थी और यह जमीन से लगभग 55 फीट नीचे बनाई गई थी। इसमें मजबूत दीवारें, बिजली, वेंटिलेशन सिस्टम और रेल नेटवर्क भी मौजूद था।
इस मामले में सैन डिएगो निवासी ग्रेगोरियो एपिफानियो हर्नांडेज लोपेज, मेक्सिको के ब्रैंडन एस्कालांते सैंडोवल, सैन डिएगो के जोस जिमेनेज और मेक्सिको के एंटोनियो कॉर्टेज पर आरोप लगाए गए हैं।
हर्नांडेज लोपेज पर सीमा पार सुरंग के इस्तेमाल की साजिश और नियंत्रित पदार्थों के आयात की साजिश का आरोप है। वहीं, चारों आरोपियों पर नियंत्रित पदार्थों के वितरण की साजिश का मामला दर्ज किया गया है।
भारी-भरकम सूटकेसों की आवाजाही ने बढ़ाया शक
अमेरिकी अटॉर्नी एडम गॉर्डन ने कहा, "इन आरोपियों के लिए सुरंग के आखिर में रोशनी नहीं थी, बल्कि पुलिस की लाइटें और सायरन थे।" यह जांच होमलैंड सिक्योरिटी टास्क फोर्स ने दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच की। एजेंसियों ने पाया कि "बाय 4 लेस" नामक व्यवसाय में ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम थी और उसकी गतिविधियां सामान्य खुदरा कारोबार से मेल नहीं खाती थीं।
जांचकर्ताओं ने हर्नांडेज और अन्य लोगों को कई बार बड़े सूटकेस परिसर से बाहर ले जाते और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होते देखा। तलाशी के दौरान अधिकारियों को 851 पैकेट मिले, जिनमें मौजूद पदार्थ की जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। जब्त खेप में एक ट्रक से 286.2 किलोग्राम, दूसरे ट्रक से 469.4 किलोग्राम और एक वैन से 274 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई। कुल मिलाकर लगभग 1,029.6 किलोग्राम से अधिक कोकीन जब्त की गई।
ड्रग्स कार्टेल के लिए बड़ा झटका
होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (एचएसआई) सैन डिएगो के कार्यवाहक विशेष एजेंट प्रभारी केविन मर्फी ने कहा, "यह कार्रवाई जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के लिए बड़ा झटका है। इस अत्याधुनिक सीमा-पार सुरंग का पता लगना और एक टन से अधिक कोकीन की बरामदगी एचएसआई और उसके साझेदारों की प्रतिबद्धता और समन्वय को दर्शाती है।"
स्टोर के अंदर जांचकर्ताओं को एक भंडारण कक्ष के फर्श के नीचे सुरंग का निकास मिला। अधिकारियों के अनुसार, सुरंग तक पहुंचने के लिए एक अत्याधुनिक हाइड्रोलिक लिफ्ट का इस्तेमाल किया जाता था। यह सुरंग स्टोर से अंतरराष्ट्रीय सीमा तक 1,000 फीट से अधिक दूरी तक जाती थी और फिर मेक्सिको में आगे बढ़ती थी।
ये भी पढ़ें: अमेरिका: अवैध तरीके से ट्रक चलाने वाले 30 भारतीय गिरफ्तार, जल्द होगा निर्वासन; ऑपरेशन चेकमेट के तहत कार्रवाई
अब तक 99 भूमिगत सुरंगों को हुआ खुलासा
अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल के सैन डिएगो सेक्टर प्रमुख जस्टिन डी ला टोरे ने कहा, "आपराधिक संगठन लगातार सीमा का फायदा उठाने के नए तरीके खोजते हैं, लेकिन वे इसकी रक्षा करने वाले अधिकारियों के संकल्प को कम आंकते हैं।" अधिकारियों के अनुसार, 1993 से अब तक दक्षिणी कैलिफोर्निया में 99 भूमिगत सुरंगों का पता लगाया जा चुका है, जिनमें से 28 को अत्याधुनिक श्रेणी में रखा गया है। इस क्षेत्र में आखिरी सक्रिय सुरंग 2022 में मिली थी।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि सीमा-पार सुरंगें मेक्सिकन ड्रग तस्करी संगठनों के लिए अमेरिका में मादक पदार्थ पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुकी हैं। इन सुरंगों में अक्सर बिजली, वेंटिलेशन और रेल प्रणाली जैसी उन्नत सुविधाएं होती हैं, जिनकी मदद से बड़ी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी की जाती है।