05:18 PM, 30-Mar-2026
ईरान की धमकी- अमेरिकी-इस्राइली अधिकारियों के घर अब वैध लक्ष्य
ईरान ने अमेरिकी और इस्राइली अधिकारियों के घरों को निशाना बनाने की धमकी दी है। ह चेतावनी ऐसे समय में आई, जब ईरानी शहरों में आवासीय इलाके हमलों के दायरे में आ गए हैं। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जोलघारी ने रविवार को कहा कि अमेरिकी और इस्राइली सैन्य और राजनीतिक अधिकारियों के घर अब 'वैध लक्ष्य' माने जा सकते हैं। यह चेतावनी उस समय आई,जब ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच तनाव बढ़ रहा है।
जोलघारी ने कहा कि ईरान के कई शहरों में अमेरिकी और इस्राइली बलों की ओर से आवासीय क्षेत्रों पर किए गए हमलों के जवाब में यह निर्णय लिया गया है। इस बयान से क्षेत्र में संघर्ष की तीव्रता बढ़ने और नागरिकों और अधिकारियों के लिए जोखिम बढ़ने का डर पैदा हो गया है।
04:29 PM, 30-Mar-2026
स्पेन ने अमेरिकी विमानों के लिए बंद किया हवाई क्षेत्र
स्पेन ने कहा कि उसने ईरान के साथ जारी युद्ध में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले के अब अमेरिकी सैन्य विमान अब स्पेन के ऊपर से होकर अपने मिशन के लिए नहीं जा सकेंगे और उन्हें वैकल्पिक रास्ते अपनाने होंगे। एसोसिएटेड प्रेस ने जानकारी दी।
02:57 PM, 30-Mar-2026
इराक के मोहम्मद अल्ला एयर बेस पर हमला
इराक के मोहम्मद अल्ला एयर बेस पर आज हमला हुआ। यह एयरबेस बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक स्थित है। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
02:50 PM, 30-Mar-2026
हाइफा पर हुए हमले में तेल रिफाइनरी में लगी आग
इस्राइल के हाइफा में हुए हमले में एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया है। हमले के चलते रिफाइनरी में आग लग गई और रिफाइनरी से काला धुआं उठता देखा गया। जिस रिफाइनरी को निशाना बनाया गया, वह बाजान तेल रिफाइनरी है और इस जगह पर बीती 19 मार्च को भी हमला हुआ था।
01:58 PM, 30-Mar-2026
इस्राइली हमले में दक्षिणी लेबनान में कई की मौत
लेबनान की न्यूज एजेंसी ने बताया है कि इस्राइली हवाई हमले में लेबनान के बाराशित शहर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। इस्राइल ने हनाविया इलाके में भी हमले किए हैं।
11:24 AM, 30-Mar-2026
इराक में अमेरिका के सबसे सुरक्षित सैन्य अड्डे पर रॉकेट हमला
इराक की राजधानी बगदाद स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे यूएस विक्ट्री बेस पर सोमवार को रॉकेट हमला होने का दावा किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह सैन्य अड्डा राजधानी बगदाद के पश्चिम में 20 किलोमीटर दूर है। हैरानी की बात ये है कि एयर डिफेंस सिस्टम इस रॉकेट को इंटरसेप्ट नहीं कर सका और रॉकेट हमले में सैन्य अड्डे पर तैनात ए32बी ट्रांसपोर्ट विमान में आग लग गई। इराक के इस अमेरिकी सैन्य अड्डे पर पहली बार हमला हुआ है। यह सैन्य अड्डा इराक में अमेरिका का सबसे सुरक्षित बेस माना जाता है। यही वजह है कि यहां हमला होना अमेरिका के लिए चिंता की बात है। हालांकि हमले के वक्त सैन्य अड्डे पर अमेरिकी सैनिक मौजूद नहीं थे।
11:11 AM, 30-Mar-2026
यमन से इस्राइल के हाइफा शहर पर दागे गए रॉकेट
इस्राइली अधिकारियों ने बताया कि बंदरगाह शहर हाइफा पर रॉकेट हमले हुए। इस्राइली एयर डिफेंस ने दो ड्रोन और पांच रॉकेट को इंटरसेप्ट कर हवा में ही तबाह कर दिया। ये हमले यमन से किए गए। माना जा रहा है कि हूती विद्रोहियों ने ये हमले किए। ईरान से भी रविवार को इस्राइली पर मिसाइल हमले किए गए।
10:41 AM, 30-Mar-2026
खाड़ी देशों में बढ़े ईरान के हमले
ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर हमले लगातार जारी हैं और ईरान द्वारा खाड़ी देशों के अहम ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लगातार ये दावा कर रहे हैं कि ईरान की वायु सेना और नौसेना तबाह हो चुकी है, लेकिन जिस तरह से ईरान द्वारा पलटवार किया जा रहा है, उससे ट्रंप के दावे पर सवाल उठ रहे हैं।
07:14 AM, 30-Mar-2026
तेहरान में जोरदार धमाका, आस‑पास हलचल बढ़ी
ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार सुबह दो शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिससे शहर के उत्तरी हिस्सों में हड़कंप मच गया। स्थानीय सूत्रों और कुछ रिपोर्टों के अनुसार, इससे पहले शहर में एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय होते देखे गए। अभी तक धमाके के कारणों और नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
07:13 AM, 30-Mar-2026
हिजबुल्ला ने इस्राइली सेना पर हमले का दावा किया
लेबनानी समूह हिजबुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने उत्तर इस्राइल और दक्षिण लेबनान में इस्राइली सैनिकों पर हमला किया। समूह के अनुसार, उन्होंने उत्तर इस्राइल के मेटुअल शहर और दक्षिण लेबनान के खियम डिटेंशन सेंटर के पास इस्राइली सैनिकों और उनके वाहनों को निशाना बनाकर रॉकेट दागे।