11:24 AM, 30-Mar-2026
इराक में अमेरिका के सबसे सुरक्षित सैन्य अड्डे पर रॉकेट हमला
इराक की राजधानी बगदाद स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे यूएस विक्ट्री बेस पर सोमवार को रॉकेट हमला होने का दावा किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह सैन्य अड्डा राजधानी बगदाद के पश्चिम में 20 किलोमीटर दूर है। हैरानी की बात ये है कि एयर डिफेंस सिस्टम इस रॉकेट को इंटरसेप्ट नहीं कर सका और रॉकेट हमले में सैन्य अड्डे पर तैनात ए32बी ट्रांसपोर्ट विमान में आग लग गई। इराक के इस अमेरिकी सैन्य अड्डे पर पहली बार हमला हुआ है। यह सैन्य अड्डा इराक में अमेरिका का सबसे सुरक्षित बेस माना जाता है। यही वजह है कि यहां हमला होना अमेरिका के लिए चिंता की बात है। हालांकि हमले के वक्त सैन्य अड्डे पर अमेरिकी सैनिक मौजूद नहीं थे।
11:11 AM, 30-Mar-2026
यमन से इस्राइल के हाइफा शहर पर दागे गए रॉकेट
इस्राइली अधिकारियों ने बताया कि बंदरगाह शहर हाइफा पर रॉकेट हमले हुए। इस्राइली एयर डिफेंस ने दो ड्रोन और पांच रॉकेट को इंटरसेप्ट कर हवा में ही तबाह कर दिया। ये हमले यमन से किए गए। माना जा रहा है कि हूती विद्रोहियों ने ये हमले किए। ईरान से भी रविवार को इस्राइली पर मिसाइल हमले किए गए।
10:41 AM, 30-Mar-2026
खाड़ी देशों में बढ़े ईरान के हमले
ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर हमले लगातार जारी हैं और ईरान द्वारा खाड़ी देशों के अहम ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लगातार ये दावा कर रहे हैं कि ईरान की वायु सेना और नौसेना तबाह हो चुकी है, लेकिन जिस तरह से ईरान द्वारा पलटवार किया जा रहा है, उससे ट्रंप के दावे पर सवाल उठ रहे हैं।
07:14 AM, 30-Mar-2026
तेहरान में जोरदार धमाका, आस‑पास हलचल बढ़ी
ईरान की राजधानी तेहरान में रविवार सुबह दो शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिससे शहर के उत्तरी हिस्सों में हड़कंप मच गया। स्थानीय सूत्रों और कुछ रिपोर्टों के अनुसार, इससे पहले शहर में एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय होते देखे गए। अभी तक धमाके के कारणों और नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
07:13 AM, 30-Mar-2026
हिजबुल्ला ने इस्राइली सेना पर हमले का दावा किया
लेबनानी समूह हिजबुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने उत्तर इस्राइल और दक्षिण लेबनान में इस्राइली सैनिकों पर हमला किया। समूह के अनुसार, उन्होंने उत्तर इस्राइल के मेटुअल शहर और दक्षिण लेबनान के खियम डिटेंशन सेंटर के पास इस्राइली सैनिकों और उनके वाहनों को निशाना बनाकर रॉकेट दागे।
06:00 AM, 30-Mar-2026
कुवैत में प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत
कुवैत में एक बिजली और पानी बनाने वाले प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई। कुवैत के बिजली और पानी मंत्रालय ने बताया कि यह हमला ईरान की ओर से किया गया। मंत्रालय के अनुसार, हमले में प्लांट की एक सर्विस बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है। यह प्लांट समुद्र के पानी को साफ करके पीने योग्य पानी बनाने और बिजली उत्पादन का काम करता है।
04:51 AM, 30-Mar-2026
ईरान में पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमला, बड़ा नुकसान टला
ईरान के उत्तरी इलाके में सोमवार सुबह एक पेट्रोकेमिकल फैक्ट्री पर हमला हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार तब्रिज पेट्रोकेमिकल के एक प्लांट को निशाना बनाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई खतरनाक रसायन बाहर नहीं फैला। यह फैक्ट्री तेल और प्राकृतिक गैस से प्लास्टिक और अन्य जरूरी रसायन बनाने का काम करती है, जो रोजमर्रा के कई सामानों में इस्तेमाल होते हैं।
03:29 AM, 30-Mar-2026
ईरान ने अमेरिका और इस्राइल के अधिकारियों के घरों को बनाया निशाना
पश्चिम एशिया में युद्ध के पहले महीने में ईरान के संयुक्त सैन्य कमांड के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि अब अमेरिका और इस्राइल के अधिकारियों के निजी घर ईरान के लिए वैध लक्ष्य बन गए हैं। इस फैसले का मकसद पश्चिम एशिया में रहने वाले अमेरिकी और इस्राइली सैन्य तथा राजनीतिक अधिकारियों को चेतावनी देना है।
02:48 AM, 30-Mar-2026
इस्लाइल के हवाई हमले में दक्षिण लेबनान में 5 की मौत
दक्षिण लेबनान के एक शहर पर इस्राइल के हवाई हमले में पांच लोग मारे गए। राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, इस हमले में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
02:30 AM, 30-Mar-2026
इराक की राजधानी बगदाद में जोरदार धमाका
बगदाद में रविवार को एक बहुत ही शक्तिशाली धमाके की आवाज सुनी गई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार जोरदार विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है। अभी तक धमाके के कारणों और इसके प्रभाव के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच और अपडेट मिलने पर और विवरण प्रदान किया जाएगा।