World: इस्राइल को हमास ने लौटाया बंधक का शव; पाक-अफगानिस्तान संघर्षविराम के बाद चमन बॉर्डर आंशिक रूप से खुला

हमास और इस्राइल के बीच चल रहे संघर्षविराम के बीच हमास ने एक और बंधक का शव इस्राइल को सौंप दिया है। इस्राइल ने पुष्टि की है कि यह शव ताल हैमी का है, जो 7 अक्तूबर 2023 को गाजा सीमा के पास स्थित किब्बुत्ज़ नीर यित्ज़हाक से अगवा किए गए थे। हमले के दिन ही उनकी मौत हो गई थी। ताल हैमी 42 साल के थे और चार बच्चों के पिता थे, जिनमें से एक बच्चे का जन्म हमले के बाद हुआ। इस्राइल और हमास के बीच चल रहे संघर्षविराम समझौते के तहत अब तक 13 मृतकों के शव लौटाए जा चुके हैं, जबकि 15 और शवों की वापसी बाकी है।

हमास ने दोहराई शांति की प्रतिबद्धता
हमास के मुख्य वार्ताकार खलील अल-हय्या ने कहा कि संगठन युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करना चाहता है। काहिरा से मिस्र के चैनल अल-काहेरा न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि शर्म अल-शेख समझौते पर दस्तखत करने के दिन से ही हम इसे अंत तक निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अमेरिका में पाकिस्तान के एक हथियार तस्कर को पांच आरोपों में दोषी ठहराए जाने बाद 40 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। उस पर ईरान से यमन में हूती विद्रोहियों तक बैलिस्टिक मिसाइल के पुर्जे पहुंचाने का आरोप था। जियो न्यूज के अनुसार, दोषी मोहम्मद पहलवान (49) को अमेरिकी सैन्य बलों ने पिछले साल जनवरी में अरब सागर से उस वक्त पड़ा, जब वह मछली पकड़ने वाली नाव के जरिये इन कलपुर्जों को ले जा रहा था। इस अभियान के दौरान दो नेवी सील्स की जान चली गई थी।
चमन बॉर्डर आंशिक रूप से खुला
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर बीते कुछ दिनों से जारी हिंसक झड़पों के बाद अब हालात में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है। दोनों देशों के बीच संघर्षविराम समझौता होने के बाद बलूचिस्तान स्थित चमन बॉर्डर को आंशिक रूप से फिर से खोल दिया गया है। सोमवार को कई अफगान परिवारों ने सीमा पार करना शुरू कर दिया, वहीं अफगानिस्तान की ओर जाने वाले माल से लदे कंटेनरों की आवाजाही भी शुरू कर दी गई है।
400 कंटेनर बॉर्डर पर फंसे थे
जब यह सीमा विवाद शुरू हुआ था, तब कराची बंदरगाह से आए लगभग 400 कंटेनर चमन बॉर्डर पर फंसे रह गए थे, क्योंकि बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिया गया था। ऐसी ही स्थिति खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्पिन बोलदक बॉर्डर पर भी देखने को मिली, जहां पाकिस्तान आने वाले कंटेनर अटक गए थे।
दोहा में हुआ समझौता
चमन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष नफीस जान अचकज़ई ने बताया कि दोहा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्षविराम पर सहमति बनी, जिसके बाद सोमवार शाम से सीमा को आंशिक रूप से खोला गया है।
अमेरिका के पेंसिल्वेनिया के गेटीसबर्ग कॉलेज में करीब 12 साल पहले जघन्य अपराध हुआ था। 2013 में हुए यौन उत्पीड़न के इस मामले में आरोपी इयान क्लीरी (32) को अदालत ने दोषी पाया है। अब उसे सजा सुनाई जानी है। क्लीरी ने पीड़िता से दुष्कर्म का जुर्म कबूल कर लिया है। देश के कानून के मुताबिक उसे चार से आठ साल की सजा हो सकती है। घटना के बाद क्लीरी कॉलेज छोड़कर कैलिफोर्निया चला गया था। यहां उसने पढ़ाई पूरी करने के बाद टेस्ला में काम भी किया। कई वर्षों बाद उसने फेसबुक पर पीड़िता को संदेश भेजा जिससे इस जघन्य अपराध का मामला एक बार फिर प्रकाश में आया। 2021 में आई समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के बाद जांच में तेजी आई। क्लीरी को 2024 में फ्रांस से प्रत्यर्पित किया गया। पीड़िता ने 12 साल तक इंसाफ पाने के लिए संघर्ष किया।सरकारी वकील ने आरोप लगाया कि क्लीरी लंबे समय से फरार था, जबकि बचाव पक्ष के वकील ने दावा किया कि उसे अदालती कार्यवाही के बारे में जानकारी नहीं थी। अब कोर्ट 12 साल पुराने इस मामले में क्लीरी को सजा सुनाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दिवाली के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं और इसे परिवारों व मित्रों को जोड़ने वाला पर्व बताया। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “आज मैं उन सभी अमेरिकियों को शुभकामनाएं देता हूं जो ‘रोशनी के त्योहार’ दिवाली का उत्सव मना रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अनेक अमेरिकियों के लिए दिवाली, प्रकाश की अंधकार पर विजय का शाश्वत प्रतीक है। यह समय है जब लोग समुदाय के रूप में एकजुट होकर उत्सव मनाते हैं, आशा से शक्ति प्राप्त करते हैं और नवीकरण की भावना को अपनाते हैं। ट्रंप ने कहा कि जब लाखों लोग दीये और लालटेन जलाते हैं, तब हम इस शाश्वत सत्य का उत्सव मनाते हैं कि अच्छाई सदैव बुराई पर विजय प्राप्त करती है। उन्होंने दिवाली मना रहे सभी अमेरिकियों के लिए शांति, समृद्धि, आशा और आनंद की कामना की।
हूती विद्रोहियों ने यमन के पांच UN कर्मियों को मुक्त किया
यमन में हूती विद्रोहियों ने यमन के पांच संयुक्त राष्ट्र (यूएन) कर्मचारियों को रिहा कर दिया। विद्रोहियों ने 15 अंतरराष्ट्रीय कर्मियों को सना स्थित यूएन परिसर में स्वतंत्र रूप से आने-जाने की अनुमति दी। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया कि हूती सुरक्षा बल परिसर से हट गए हैं। बता दें कि हूती लंबे समय से यूएन और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों को निशाना बनाते रहे हैं। उन पर जासूसी के आरोप भी लगे हैं जिन्हें यूएन ने खारिज किया है। कर्मियों को मुक्त करने के अलावा हूती विद्रोहियों ने अपने सैन्य प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद अब्दुल करीम अल-गमारी का अंतिम संस्कार भी किया।गमारी हाल ही में इस्राइली सेना के हवाई हमले में मारे गए थे। हजारों लोग सना की सड़कों पर दिखे और इस्राइल के खिलाफ नारे भी लगाए। हूती समर्थित मीडिया के अनुसार, अल-गमारी के अलावा उनके 13 वर्षीय बेटे और कई सहयोगी भी मारे गए। बता दें कि अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने अल-गमारी पर कई प्रतिबंध लगाए थे। गमारी पर यमन और सऊदी अरब पर हमलों के संचालन का आरोप भी लगा था। बता दें कि इस्राइल और अमेरिका हूती हमलों के जवाब में संयुक्त सैन्य अभियान चला रहे हैं।