सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 25 May: World News; India-Bangladesh; Quad Meeting, Australian FM, China; News in Hindi

World: भारत के दौरे पर आएंगी ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग; स्पेन- घरों की बढ़ती लागत के खिलाफ प्रदर्शन

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Mon, 25 May 2026 08:38 AM IST
विज्ञापन
World Updates Of 25 May: World News; India-Bangladesh; Quad Meeting, Australian FM, China; News in Hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग 26 मई को नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आएंगी। इस दौरान वह भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्रियों के बीच होने वाले 17वें फ्रेमवर्क डायलॉग में भी शामिल होंगी। पेनी वोंग ने कहा कि मौजूदा अनिश्चित वैश्विक माहौल में क्वाड एक बेहद अहम साझेदारी बन चुका है। ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका मिलकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चारों देश समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई, बुनियादी ढांचा विकास और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
Trending Videos


भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी नई दिल्ली पहुंचेंगे। बैठक में क्वाड देशों के बीच चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े हालात समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रधानमंत्री तारिक रहमान से प्रणय वर्मा की मुलाकात
भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में एक और अहम कदम सामने आया है। बांग्लादेश में भारत के निवर्तमान उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने रविवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ अपने बहुआयामी संबंधों को और गहरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। ढाका में हुई इस विदाई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग के कई संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की। तारिक रहमान ने प्रणय वर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। भारत सरकार ने प्रणय वर्मा को अब बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया है।

बैठक में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान भी मौजूद रहे। प्रणय वर्मा ने सितंबर 2022 में ढाका में भारतीय उच्चायुक्त का पद संभाला था। अब उनकी जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश भेजा जा रहा है। माना जा रहा है कि भारत और बांग्लादेश हाल के तनावपूर्ण दौर के बाद रिश्तों को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।



 

फिलीपींस में नौ मंजिला इमारत गिरी, 21 लोग मलबे में दबे
फिलीपींस की राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एंजेल्स शहर में रविवार तड़के एक निर्माणाधीन नौ मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में कम से कम 21 लोग लापता हैं, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश और तूफान के बाद यह हादसा हुआ। राहत कार्य के दौरान मलबे के नीचे से कुछ आवाजें सुनाई दी हैं, बचावकर्मी कंक्रीट काटकर लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। 

बहरीन: आईआरजीसी के साथ साजिश के आरोप में 9 को उम्रकैद
बहरीन की एक अदालत ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के साथ मिलकर देश के खिलाफ आतंकवादी और शत्रुतापूर्ण कृत्यों की साजिश रचने के आरोप में नौ दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। रविवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दो अन्य आरोपियों को तीन-तीन साल जेल की सजा दी गई है। दोषी पाए गए व्यक्ति संवेदनशील स्थलों की जानकारी जुटाने और वित्तीय लेनदेन की सुविधा प्रदान करने में शामिल थे। 
 
विज्ञापन

बलूचिस्तान में मुठभेड़ में नौ लड़ाकों और चार जवानों की मौत
पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में स्थानीय लड़ाकों के खिलाफ चलाए गए एक खुफिया ऑपरेशन में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए और सात घायल हो गए। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने रविवार को बताया कि कुचलक और नोहसार इलाकों में शनिवार को हुई मुठभेड़ में नौ लड़ाके भी ढेर कर दिए गए। मारे गए सभी जवान आतंकवाद निरोधी विभाग के थे। घायल कर्मियों का क्वेटा में इलाज चल रहा है। सुरक्षा बलों ने  पहले भी 35 लड़ाकों को ढेर किया था। 

पाकिस्तान: आतंकियों ने शांति समिति के चार सदस्यों को मारा
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को आतंकवादियों ने बड़ा हमला कर दिया। यह हमला डेरा इस्माइल खान जिले की कुलाची तहसील में हुआ, जहां स्थानीय शांति समिति के सदस्यों को निशाना बनाया गया। इस हमले में चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने घात लगाकर समिति के सदस्यों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हमलावरों ने सिर्फ हमला ही नहीं किया, बल्कि समिति के एक सदस्य का अपहरण भी कर लिया। इसके अलावा आतंकवादी वहां मौजूद अन्य सदस्यों के हथियार भी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों और उग्रवादी हमलों से प्रभावित रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है और जल्द ही हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मालूम हो कि पाकिस्तान में विद्रोही संगठन भी लगातार हिंसक आंदोलन कर रहे हैं। 
 

स्पेन: घरों की बढ़ती लागत के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी
स्पेन की राजधानी मैड्रिड में हजारों लोगों ने घरों की बढ़ती लागत के खिलाफ प्रदर्शन किया है। लोग लगातार बढ़ते किराए और घरों की कीमतों से परेशान हैं। इससे कई स्पेनिश नागरिकों के लिए घर खरीदना मुश्किल हो गया है। यह प्रदर्शन रविवार को शहर के केंद्र में किया गया। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के लिए 2027 के चुनाव से पहले स्पेन में आवास संकट एक बड़ी राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है। 
 

द. चीन सागर में ताइवान के नियंत्रण वाले द्वीप के पास टकराव के बाद वापस लौटा चीनी जहाज
दक्षिण चीन सागर के उत्तरी छोर पर स्थित रणनीतिक तौर से अहम प्रतास द्वीप समूह के पास ताइवान और चीन के तटरक्षकों के बीच गंभीर गतिरोध और तीखी बहस के बाद रविवार को आखिरकार चीनी तटरक्षक जहाज वापस लौट गया। ताइवानी तटरक्षक बल के मुताबिक, शनिवार को एक चीनी तटरक्षक जहाज प्रतास द्वीप की ओर आते देखे जाने पर ताइवान ने जहाज भेज तुरंत चेतावनी दी थी। इस पर दोनों पक्षों के बीच संप्रभुता को लेकर रेडियो पर तीखी बहस हुई। इसमें चीन ने अपने जहाज के रोजाना की गश्त पर होने और प्रतास द्वीप के चीन की संप्रभुता और अधिकार होने की बात कही। इसके जवाब में ताइवानी जहाज ने चीनी जहाज से शांति भंग न करने और वापस लौटने को कहा। 

प्रतास द्वीप के अधिकार क्षेत्र को लेकर चीन ने किए गलत दावे
ताइवानी तट रक्षक बल के एक अधिकारी के मुताबिक, चीन के प्रतास द्वीप के अधिकार क्षेत्र और संप्रभुता को लेकर इस्तेमाल किए गए शब्द असामान्य थे और दावे गलक थे। वहीं, प्रतास के इतने करीबी जलक्षेत्र में चीनी जहाज का इतनी अधिक रुकना भी वाजिब नहीं था। आखिरकार, प्रतास से 21 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में रहा चीनी जहाज रविवार देर शाम यहां से दूर जाने लगा।

ठोस रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे भारत-साइप्रस संबंध- राष्ट्रपति निकोस
साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलिडेस ने रविवार को अपनी हालिया भारत यात्रा की उपलब्धियों को साझा करते हुए दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत और भविष्य उन्मुख रणनीतिक साझेदारी बताया। निकोस ने सोशल मीडिया पर लिखा, जो संबंध कभी एक दृष्टि के रूप में शुरू हुए थे, वे अब ठोस रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे हैं। सुरक्षा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार, समुद्री सहयोग और आर्थिक संपर्क जैसे क्षेत्रों में यह साझेदारी पहले ही ठोस परिणाम दे रही है। भारत और साइप्रस ने शुक्रवार को अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाते हुए छह समझौता ज्ञापनों (एमओयू) और समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने 2026-2031 के लिए रक्षा सहयोग रोडमैप और साइबर सुरक्षा संवाद शुरू करने की भी घोषणा की। इसके अलावा दोनों देशों के बीच काउंसलर संवाद स्थापित करने और मुंबई में साइप्रस ट्रेड सेंटर खोलने की मंशा जताई गई। 

आईएमईसी पहल को बताया दूरदर्शी योजना
राष्ट्रपति निकोस ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों की सराहना करते हुए इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर को दूरदर्शी पहल बताया। भारत ने भी साइप्रस को दशकों पुराना मजबूत साझेदार बताया है।
 

वुहान से भारतीय डॉक्टर ने हैदराबाद में मरीज का किया जटिल ऑपरेशन
चीन के वुहान से एक भारतीय डॉक्टर ने हैदराबाद के एक मरीज का एक जटिल ऑपरेशन किया। मरीज के ब्लैडर में दिक्कत थी जिसे प्रतिस्थापित करना था। यानी उसकी ब्लैडर रीकंस्ट्रक्शन सर्जरी होनी थी।
हैदराबाद व वुहान से की दूरी करीब 3,000 किलोमीटर है। चाइना डेली की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. सैयद मोहम्मद गौस ने हैदराबाद में एक मरीज के ब्लैडर की रोबोट की मदद से सफल सर्जरी की। उन्होंने यह सर्जरी वुहान से रिमोटली ऑपरेट करते हुए की। 

हैदराबाद में मेडिकल स्टाफ को रखा गया था तैयार
भारत में मरीज को एनेस्थीसिया दिया और बारीक सर्जिकल औजारों तथा हाई-डेफिनिशन 3डी कैमरों से लैस रोबोटिक उपकरण अंदर डाले। वुहान में एक कंसोल से डॉ. सैयद ने जूम की हुई रियल-टाइम 3डी तस्वीरें देखीं और रोबोट को दूर से ही नियंत्रित किया। हैदराबाद में मेडिकल स्टाफ को किसी भी आपातकाल के लिए तैयार रखा गया था। यह सर्जरी इंटरनेशनल हेपाटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी एसोसिएशन के चीन चैप्टर के 10वें सम्मेलन के दौरान दिखाए गए 26 प्रोसीजर में शामिल थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed