World Updates: रूस-यूक्रेन के बीच टकराव बढ़ा, मॉस्को के रणनीतिक ठिकानों पर ड्रोन हमले में 7 की मौत और 50 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस के कई रणनीतिक रसद और तेल ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। उन्होंने एक्स पर बताया कि जवाबी हमलों में मॉस्को और तांबोव क्षेत्रों में दो बड़े रसद केंद्र प्रभावित हुए, जो अग्रिम पंक्ति से काफी दूर थे। रूस इनका उपयोग ड्रोन उत्पादन के प्रतिबंधित पुर्जों की आपूर्ति कर रहा था। यूक्रेनी हमलों ने आजोव सागर, काला सागर और क्रीमिया के जलक्षेत्र में भी लक्ष्यों को भेदा। ड्यूश वैले (DW) की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेनी ड्रोन हमलों में रूस में सात लोग मारे गए और 51 घायल हुए। तांबोव के कोटोवस्क में वाइल्डबेरीज़ गोदाम पर हमले में सात कर्मचारी मारे गए और 25 घायल हुए। मॉस्को के पास एलेक्ट्रोस्टाल में एक अन्य गोदाम पर भी हमला हुआ, जिससे 24 लोग घायल हुए। जेलेंस्की ने कमांडरों के साथ रणनीति पर चर्चा की, जिसमें 155 मिमी तोपखाने के गोले और मानवरहित ज़मीनी वाहनों की आपूर्ति पर जोर दिया गया।
माली में जिहादी आतंकियों का तांडव, कई सैनिकों को घेरकर उतारा मौत के घाट;दर्जनों को बनाया बंदी
इस बड़े हमले की जिम्मेदारी अल-कायदा से जुड़े गुट जेएनआईएम और अलगाववादी संगठन एफएलए ने ली है। इन दोनों गुटों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। रेगिस्तानी इलाके में हुआ यह हमला माली की सरकार और वहां की सेना के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि आतंकियों और अलगाववादियों का यह तालमेल माली की स्थिरता के लिए बेहद खतरनाक है। इस इलाके में अलग देश की मांग को लेकर वर्षों से हिंसा चल रही है, जो अब और भयानक रूप ले चुकी है।
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल और हवाई ईंधन महंगा, जनता पर बढ़ा बोझ
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल मची है। इसका सीधा असर पाकिस्तान पर पड़ा है, जहां सरकार ने हवाई ईंधन (जेट फ्यूल) की कीमत में 40.35 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी कर दी है। अब हवाई ईंधन की नई कीमत 291.55 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पिछले दो हफ्तों में ही इसमें कुल 53.58 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। इस फैसले के बाद एयरलाइंस का खर्च बढ़ जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में हवाई सफर के टिकट काफी महंगे होने की पूरी आशंका है।
सिर्फ हवाई ईंधन ही नहीं, पाकिस्तान सरकार ने आम जनता और परिवहन को भी बड़ा झटका दिया है। हाई-स्पीड डीजल की कीमत 31.05 रुपये बढ़ाकर 354.35 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, पेट्रोल की कीमत में भी 5.44 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, जिससे यह 316.15 रुपये पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए पाकिस्तानी सरकार ने अब हर हफ्ते के बजाय रोज तेल की कीमतों की समीक्षा (डेली प्राइस रिव्यू) करने का फैसला किया है।