Mercedes: मर्सिडीज की ऐसी इलेक्ट्रिक कार जो निकालती है V8 इंजन जैसी आवाज, महज 2.1 सेकेंड्स में 0-100 की रफ्तार
Mercedes-AMG GT 4 Door Coupe EV: मर्सिडीज-बेंज ने अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक मर्सिडीज-एएमजी जीटी 4-डोर कूपे से पर्दा उठा दिया है। यह एएमजी ब्रांड की सबसे दमदार इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस कारों में से एक है, जो 1,169 hp तक की पावर, लगभग 700 किमी की रेंज और पेट्रोल एएमजी जैसी नकली V8 साउंड के साथ आती है। नई Mercedes-AMG GT 4-Door Coupe पूरी तरह इलेक्ट्रिक जरूर है, लेकिन कंपनी ने इसमें पारंपरिक एएमजी कारों जैसा ड्राइविंग एक्सपीरियंस देने की कोशिश की है। यही वजह है कि इसमें सिमुलेटेड वी8 एग्जॉस्ट साउंड और वर्चुअल गियर शिफ्ट इफेक्ट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मर्सिडीज-बेंज ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई 2026 Mercedes-AMG GT 4-Door Coupe से पर्दा उठा दिया है। यह अब तक की सबसे पावरफुल इलेक्ट्रिक परफॉरमेंस कारों में से एक है। इस कार के साथ एएमजी (AMG) ब्रांड पूरी तरह से इलेक्ट्रिक युग में कदम रख रहा है। लेकिन फिर भी इसने अपनी कारों वाली पुरानी और दमदार V8 इंजन की पहचान को जिंदा रखने की पूरी कोशिश की है।
पावर और परफॉरमेंस
नई Mercedes-AMG GT 4-Door Coupe को ब्रांड के अत्याधुनिक 'AMG.EA' इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसके नए और हल्के इलेक्ट्रिक मोटर्स हैं। इस कार में तीन मोटर्स का सेटअप दिया गया है। दो पीछे और एक आगे, जो इसे शानदार परफॉरमेंस और जबरदस्त नियंत्रण देते हैं।
पावर की बात करें तो इसका टॉप मॉडल 'GT 63' कुल 1,169 hp की बंपर पावर जनरेट करता है, जबकि 'GT 55' वेरिएंट में भी 816 hp की दमदार पावर मिलती है। यह बेमिसाल पावर ही इस कार को रॉकेट जैसी रफ्तार देती है। मर्सिडीज का दावा है कि GT 63 महज 2.1 सेकंड में ही 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। ये मौजूदा समय की कई हाइपरकारों से भी कहीं अधिक तेज है।
इतनी भारी पावर के साथ-साथ यह कार चार्जिंग और रेंज के मामले में भी बेहद आधुनिक है। इसमें 800V का इलेक्ट्रिकल सिस्टम दिया गया है जो 600kW की डीसी फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इस तकनीक की बदौलत कार की बैटरी सिर्फ 11 मिनट में ही 10% से 80% तक चार्ज हो जाती है। वहीं, अगर लंबी दूरी की बात करें, तो WLTP साइकिल के अनुसार इसका GT 55 वेरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 700 किलोमीटर तक की शानदार रेंज देने में सक्षम है।
डिजाइन और एक्सटीरियर: बेहद स्पोर्टी लुक
इलेक्ट्रिक होने के बावजूद, 2026 Mercedes-AMG GT 4-Door Coupe का डिजाइन मर्सिडीज-एएमजी की पुरानी स्पोर्टी कारों की विरासत को बखूबी आगे बढ़ाता है। इसका लुक काफी एग्रेसिव है, जो पहली नजर में ही आपको अपना दीवाना बना लेगा। कार के अगले हिस्से में एएमजी की खास चमकने वाली ग्रिल दी गई है। ये स्टार-शेप वाले डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) और शार्प LED हेडलैंप्स के साथ मिलकर एक मस्कुलर बोनट का अहसास कराती है।
कार के पिछले हिस्से की बात करें तो इसमें टर्बाइन से प्रेरित गोल LED टेल-लैंप्स दिए गए हैं। इसके साथ लगा एक्टिव रियर स्पॉइलर और एक बड़ा डिफ्यूजर न केवल इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। बल्कि कार के परफॉरमेंस में भी बड़ी भूमिका निभाते हैं। मर्सिडीज ने इसके डिजाइन में एयरोडायनामिक्स का विशेष ध्यान रखा है। यह खास डिजाइन हवा के दबाव को बहुत आसानी से काट देता है। इससे कार तेज रफ्तार में भी बेहद स्थिर और कुशल बनी रहती है।
इंटीरियर और फीचर्स
कार के अंदर कदम रखते ही आपको इसके फ्यूचरिस्टिक लेआउट और प्रीमियम फिनिश का अहसास होगा। इसे पूरी तरह से ड्राइवर के आराम और बेहतर कंट्रोल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका डैशबोर्ड एक विशाल ग्लास पैनल के जरिए कवर किया गया है। इसमें 10.2-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 14-इंच की बड़ी टचस्क्रीन शामिल है। खास बात यह है कि इस स्क्रीन को हल्का सा ड्राइवर की ओर मोड़ा गया है। ताकि गाड़ी चलाते समय ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी देखना और फीचर्स को कंट्रोल करना बेहद आसान हो जाए।
सेंटर कंसोल की बात करें तो यहां तीन गोल रोटरी बटन दिए गए हैं। इन्हें 'AMG रेस कंट्रोल यूनिट' का नाम दिया गया है। इनकी मदद से ड्राइवर पलक झपकते ही ड्राइविंग मोड्स और ट्रैक्शन जैसी सेटिंग्स को अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकता है। इसके अलावा, शानदार स्पोर्टी सीट्स, मनमोहक एंबियंट लाइटिंग और फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील का कॉम्बिनेशन इस कार को अंदर से भी एक परफेक्ट स्पोर्ट्स कार का अनुभव देता है।