Car AC: कार का एसी नहीं दे रहा ठंडी हवा? मैकेनिक के पास जाने से पहले घर पर ही चेक करें ये चीजें, बच जाएगा खर्च
Car AC Tips: तपती गर्मी के इस मौसम में अगर अचानक कार का एसी कूलिंग करना बंद कर दे, तो सफर और मुश्किल हो जाता है। यह समस्या आते ही अधिकतर लोग तुरंत मैकेनिक के पास भाग जाते हैं, लेकिन क्या आपको मालूम है कि कभी-कभी कार के एसी में कोई बड़ी खराबी नहीं, बल्कि ऐसी मामूली समस्या होती है, जिसे आप खुद ठीक कर सकते है। आइए जानते हैं कार एसी की कूलिंग वापस पाने के आसान और असरदार उपाय...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
How to fix Car AC cooling at home: गर्मी के दिनों में कार के एयर कंडीशनर का फेल होना आम बात है। अमूमन लोग बिना सोचे-समझे सीधे कार मैकेनिक के पास पहुंच जाते हैं। हालांकि, हर बार समस्या इतनी बड़ी नहीं होती कि उसके लिए हजारो रुपये खर्च करने पड़े। कई बार छोटे और तकनीकी कारण भी ठंडी हवा देना बंद कर देता है। अगर समय रहते इन वजहों को पहचान लिया जाए, तो आप बड़ी टूट-फूट और गैरेज के भारी-भरकम खर्च से बच सकते हैं। नीचे कुछ ऐसे ही आसान तरीके दिए गए हैं जिन्हें आप अपने घर में खुद ही आजमा सकते हैं।
सबसे पहले AC की सेटिंग जांचें
- कई बार दिक्कत एसी में नहीं बल्कि उसकी सेटिंग में होती है। ऐसे में चेक करें कि AC सही मोड पर चल रहा हो।
- तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस पर रखें और रीसर्क्युलेशन मोड चालू करें। इससे बाहर की गर्म हवा केबिन में नहीं आएगी और AC तेजी से ठंडक देगा।
केबिन एयर फिल्टर हो सकता है वजह
- अगर एसी से हवा कम निकल रही है या कूलिंग कमजोर महसूस हो रही है तो केबिन एयर फिल्टर की जांच करें।
- धूल और गंदगी जमा होने से एयर फ्लो कम हो जाता है। ऐसे में फिल्टर को साफ करें या जरूरत पड़ने पर बदल दें।
- इससे एसी की परफॉर्मेंस बेहतर हो सकती है।
कंडेंसर की सफाई भी है जरूरी
- कार के आगे लगे कंडेंसर पर धूल, मिट्टी, सूखे पत्ते और छोटे कीड़े जमा हो जाते हैं। इससे गर्मी सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाती और कूलिंग कम हो जाती है।
- अगर कंडेंसर ज्यादा गंदा हो तो हल्के पानी से साफ किया जा सकता है, लेकिन इसकी पतली फिन्स को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
कूलिंग फैन सही चल रहा है या नहीं
- जब AC चालू होता है तो रेडिएटर और कंडेंसर के पास लगा कूलिंग फैन भी चलना चाहिए। अगर यह फैन काम नहीं कर रहा है तो खासकर ट्रैफिक या कम स्पीड में एसी की कूलिंग काफी कम हो जाती है।
- बोनट खोलकर जांच लें कि एसी ऑन करने पर फैन घूम रहा है या नहीं।
रेफ्रिजरेंट गैस की कमी भी हो सकती है कारण
- अगर पहले एसी अच्छी कूलिंग करता था लेकिन अब ठंडी हवा नहीं दे रहा है तो हो सकता है कि रेफ्रिजरेंट गैस कम हो गई हो।
- आमतौर पर ऐसा किसी पाइप या जोड़ से गैस लीकेज होने की वजह से होता है। केवल गैस भरवाने की बजाय पहले लीकेज की जांच कराना जरूरी है।
फ्यूज, रिले और वायरिंग भी जांचें
- कई बार एसी पूरी तरह बंद होने की वजह कोई बड़ा मैकेनिकल फॉल्ट नहीं बल्कि फ्यूज, रिले या वायरिंग की समस्या होती है।
- यदि एसी बिल्कुल चालू नहीं हो रहा है तो फ्यूज बॉक्स में एसी से जुड़े फ्यूज की जांच करें। जला हुआ फ्यूज बदलने से समस्या ठीक हो सकती है।
कंप्रेसर खराब हो तो खुद रिपेयर न करें
- एसी सिस्टम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा कंप्रेसर होता है। अगर एसी ऑन करने पर अजीब आवाज आए, क्लिक की आवाज न सुनाई दे या बिल्कुल कूलिंग न मिले, तो कंप्रेसर में खराबी हो सकती है।
- इस स्थिति में घर पर मरम्मत करने की कोशिश न करें और किसी अनुभवी मैकेनिक से जांच कराएं।