Hyundai की सप्लायर फैक्ट्री में लगी आग: क्या बंद हो जाएगा गाड़ियों का उत्पादन? कंपनी ने कर दिया साफ
Hyundai Plant Fire: ह्यूंदै मोटर इंडिया ने जानकारी दी है कि तमिलनाडु में कंपनी के लिए ऑडियो कंपोनेंट्स और कुछ अन्य जरूरी पार्ट बनाने वाली सप्लायर के प्लांट में आग लग गई है। कंपनी ने माना कि इससे उत्पादन में अस्थाई प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि ह्यूंदै ने कहा कि ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि डीलरशिप नेटवर्क के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ह्यूंदै मोटर इंडिया की कारों का प्रोडक्शन कुछ समय के लिए धीमा पड़ सकता है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि तमिलनाडु में उनके एक प्रमुख सप्लायर की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में आग लग गई है। इसकी वजह से कारों के उत्पादन पर असर पड़ सकता है। उत्पादन पर पड़ने वाला यह प्रभाव अस्थाई होगा। कंपनी ने आग लगने की क्या वजह बताई है, आइए जानते हैं इस लेख में.....
क्या है पूरा मामला?
ह्यूंदै मोटर इंडिया ने बताया कि आग लगने की घटना 31 मई को कांचीपुरम जिले के इररुंगाट्टुकोट्टई में मौजूद मोबिस फैक्ट्री में घटित हुई। यह फैक्ट्री ह्यूंदै की कारों के लिए ऑडियो कंपोनेंट्स (म्यूजिक सिस्टम पार्ट्स) और कुछ अन्य जरूरी सामान सप्लाई करती है। राहत की बात ये रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। ह्यूंदै और मोबिस की टीमें मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आग से कितना नुकसान हुआ है और कब तक स्थिति सामान्य हो पाएगी।
क्या कारों की डिलीवरी में देरी होगी?
कंपनी ने यह माना कि पार्ट्स न मिलने की वजह से कुछ समय के लिए उत्पादन में रुकावट आ सकती है। हालांकि, नई कार खरीदने वाले ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। ह्यूंदै ने स्पष्ट किया है कि डीलरशिप नेटवर्क के पास कारों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उसी स्टॉक से ग्राहकों की मौजूदा डिमांड को आसानी से पूरा किया जा सकेगा। इसके अलावा, कंपनी पार्ट्स की कमी को दूर करने के लिए दूसरे विकल्पों पर भी काम कर रही है ताकि उत्पादन पर कम से कम असर पड़े।
ह्यूंदै से जुड़े अन्य जरूरी अपडेट्स
अगर आप ह्यूंदै की कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपको बता दें कि 1 जून से कंपनी ने अपने वाहनों की कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के अनुसार, कार बनाने की लागत और कच्चे माल की कीमतें बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। यह बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल और वेरियंट के आधार पर लागू होगी।
मई में बिक्री में शानदार ग्रोथ
सीमित समय के लिए उत्पादन में रुकावट की इस खबर के बीच ह्यूंदै के लिए मई महीने के बिक्री आंकड़े काफी सकारात्मक रहे:
घरेलू बिक्री: कंपनी ने भारतीय बाजार में 47,837 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 9.1% ज्यादा है।
एक्सपोर्ट (निर्यात): 13,300 यूनिट्स को भारत से बाहर भेजा गया।
कुल बिक्री: मई में कंपनी की कुल सेल्स 61,137 यूनिट्स रही, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 4.1% की ग्रोथ दर्शाती है।