Bihar: आठवीं की छात्रा ने कीटनाशक खाकर दी जान, घर पर अकेली थी, तभी उठाया खौफनाक कदम; कोहराम
भागलपुर में आठवीं कक्षा की छात्रा ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के कारण स्पष्ट नहीं है।
विस्तार
आठवीं कक्षा की एक छात्रा ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: पैसों के विवाद में सास की पीट-पीटकर हत्या, बड़ी बहू और बेटे आरोपी; शिकायत के बाद घर लौटीं थीं
परिजनों के अनुसार, मृतका मानसिक रूप से कमजोर थी। उसने जहर क्यों खाया, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है। पड़ोसियों ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेली थी। जब परिजन पहुंचे तो वह उल्टी कर रही थी और पूछने पर उसने बताया कि उसने जहर खा लिया है।
मृतका के दादा रमभु राय ने बताया कि परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे, जिससे वह घर में अकेली थी और संभवतः तनाव में थी। उन्होंने कहा कि घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।