Bihar News: घर से 50 मीटर वृद्ध किसान की हत्या, पेट में लगी गोली छाती को छेद कर हुई पार
Bihar: भागलपुर के नवगछिया क्षेत्र में 65 वर्षीय किसान बूट्टन मंडल की रात में बासा पर सोते समय अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह बेटे ने शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी भिट्ठा गांव से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 4 निवासी 65 वर्षीय किसान बूट्टन मंडल की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक के पेट में लगी है गोली
मिली जानकारी के अनुसार, बूट्टन मंडल अपने बासा पर सोए हुए थे। इसी दौरान रात करीब दो से तीन बजे के बीच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी, जो छाती को चीरते
हुए निकल गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुई घटना की जानकारी?
घटना की जानकारी रविवार की सुबह तब हुई, जब उनका बड़ा बेटा मवेशियों को चारा खिलाने बासा पर पहुंचा। उसने देखा कि उसके पिता सोए हुए हैं। जब उन्हें जगाने की कोशिश की, तो वे खून से लथपथ मिले। अपने पिता को मृत अवस्था में देखकर वह दंग रह गया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक के घर से महज 50 मीटर दूर हुई घटना
बताया जा रहा है कि घटनास्थल मृतक के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। हत्या की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक मिलनसार प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था, जिससे हत्या के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें: फंदे से लटका मिला फौजी की पत्नी का शव, पति ड्यूटी पर, ससुराल वाले फरार
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।