Bihar: कोसी नदी में दर्दनाक हादसा, नहाने गए छह दोस्तों में तीन की डूबने से मौत; परिवार में मचा कोहराम
भागलपुर के बिहपुर स्थित त्रिमुहान घाट पर कोसी नदी में नहाने गए छह दोस्तों में से तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव निकाले गए। घटना के बाद गांव में मातम और परिवारों में कोहराम है।
विस्तार
भागलपुर के कोसी नदी में नहाने गए छह दोस्तों में से तीन की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के छह दोस्त एक साथ कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान तीन बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों नदी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान लक्ष्मण कुमार (13) पिता कैप्टन यादव, युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14) पिता पिंटू यादव और नयन कुमार (12) पिता शंकर शर्मा के रूप में हुई है। तीनों हरियो (महेशपुर) गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना बिहपुर के त्रिमुहान घाट के पास की बताई जा रही है।
पढ़ें: पढ़ाई का खर्च निकालने निकला था बेटा, गाड़ी की चपेट में आने से हुई मौत; मां-बाप पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के बाद साथ गए तीन अन्य दोस्तों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शाम करीब पांच बजे तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।