Bihar: छपरा में बहन के तिलक से लौटे भाई की संदिग्ध मौत, खेत के बांध पर मिला शव
Bihar: छपरा के पानापुर थाना क्षेत्र में बहन के तिलक समारोह से लौटे युवक रणजीत तिवारी का शव घर से 500 मीटर दूर खेत के बांध पर संदिग्ध हालत में मिला। शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना से परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बिहार के सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहन की शादी की खुशियों के बीच एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में मातम पसर गया है।
खेत के बांध पर मिला शव, हत्या की आशंका
जानकारी के अनुसार, पानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव निवासी ललन तिवारी के पुत्र रणजीत तिवारी का शव रविवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर खेत के बांध पर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। मृतक के चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
तिलक समारोह से लौटने के बाद अचानक लापता
परिजनों के मुताबिक, रणजीत तिवारी अपनी चचेरी बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर देर रात करीब 3:30 बजे घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने कपड़े बदले और बच्चों से चप्पल लाने को कहा। लेकिन जब बच्चा चप्पल लेकर लौटा, तब तक रणजीत घर से गायब हो चुके थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रविवार सुबह उनका शव मिलने के बाद परिजन उन्हें तत्काल पानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: सात साल फेसबुक पर बात, फिर फिलीपींस से सीधा मुंगेर आई सारा, ऋषि संग रचाई शादी
परिजनों का दावा: किसी से नहीं था विवाद, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के भाई का कहना है कि रणजीत का किसी से कोई विवाद नहीं था, जिससे परिवार इस घटना को लेकर और भी स्तब्ध है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
