बिहार: शादी में जाने के लिए निकले व्यवसायी की सड़क हादसे में मौत, पत्नी के सामने कार ने मारी टक्कर; मातम
पश्चिम चंपारण के साठी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 44 वर्षीय व्यवसायी ज्योतिप्रकाश आर्य उर्फ मुन्ना आर्य की मौत हो गई। वह पत्नी के साथ ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। उनके पीछे पत्नी, दो बेटियां और बेटा छूट गए।
विस्तार
पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र के बसंतपुर मोड़ के समीप मंगलवार सुबह करीब 4 बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक व्यवसायी की मौत हो गई। मृतक की पहचान चनपटिया वार्ड नंबर-1 निवासी ज्योतिप्रकाश आर्य उर्फ मुन्ना आर्य (44) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ऑटो से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे मुन्ना
मिली जानकारी के अनुसार, मुन्ना चनपटिया प्रखंड के गर्ल्स स्कूल के समीप वार्ड नंबर-1 के निवासी थे। मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ ऑटो से नरकटियागंज जंक्शन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। रास्ते में सिकरहना पुल पार करने के बाद बसंतपुर मोड़ के पास वह अपने एक परिचित को कुछ कागजात देने के लिए ऑटो से उतरे थे। इसी दौरान नरकटियागंज की ओर से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर घिसटती हुई एक पेड़ से जा टकराई। इससे कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
मुन्ना के बहनोई रमाकांत बरनवाल ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी ऑटो में ही बैठी थीं, इसलिए वह कार की चपेट में आने से बच गईं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, ऑटो चालक ने घायल मुन्ना को संभाला और बिना देर किए बेतिया स्थित जीएमसीएच पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रमाकांत बरनवाल के मुताबिक, मुन्ना घरेलू उद्योग से जुड़े व्यवसायी थे।
वह अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने खड्डा जाने की तैयारी में थे। उनके परिवार में करीब 95 वर्षीय पिता रामाश्रय प्रसाद आर्य, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार के भरण-पोषण में मुन्ना की अहम भूमिका थी। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुन्ना की पत्नी सरकारी शिक्षिका हैं। अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने जब्त की दुर्घटनाग्रस्त कार
घटना की सूचना मिलते ही साठी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को बाहर निकलवाकर थाने में जब्त कर लिया है। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी थी।
