Bihar News: दरभंगा जातीय हिंसा, चिराग पासवान ने घायलों से की मुलाकात, बोले- किसी भी हाल में नहीं बचेंगे दोषी
Bihar News: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दरभंगा में हुई जातीय हिंसा के पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान चिराग ने कहा कि जातीय आधार पर समाज को बांटने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा में हुई जातीय हिंसा के पीड़ितों से रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मुलाकात की और पीड़ितों का हालचाल जानने के साथ ही उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उनके साथ समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी भी मौजूद थीं।
चिराग से मिलकर रोने लगी बच्ची
चिराग पासवान ने डीएमसीएच में भर्ती गंभीर रूप से घायल एक बच्ची से मुलाकात की। बच्ची ने रोते हुए बताया कि कुछ लोगों ने मिलकर उसे पीटा और उसका घर भी तोड़ दिया। इस पर मंत्री ने उसे सांत्वना देते हुए कहा कि पहले वह स्वस्थ हो जाए, उसके घर के पुनर्निर्माण और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अस्पताल में भर्ती अन्य घायलों को भी पार्टी की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में चेक वितरित किए।
चिराग पासवान ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
घायलों से मिलने के बाद चिराग पासवान ने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए उन्होंने गृह मंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई पदाधिकारी दोषियों को बचाने का प्रयास करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सांसद शांभवी चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ितों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए और उन्हें पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है।
'मुट्ठी भर लोग भेदभाव फैलाने का प्रयास कर रहे'
पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जाति के आधार पर समाज को बांटने की प्रवृत्ति सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती है। मुट्ठी भर लोग जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव फैलाने का प्रयास करते हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का संविधान हर नागरिक को समान अधिकार देता है और कोई भी असामाजिक तत्व यदि इन अधिकारों को छीनने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें: राजीव नगर-आनंदपुरी के लोगों की परेशानी जल्द होगी खत्म, सीएम नीतीश ने अधिकारियों को क्या निर्देश दिया?
'नहीं बख्शा जाएगा एक भी आरोपी'
उन्होंने कहा कि हरिनगर की इस घटना के बाद से वे और उनकी पार्टी लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने स्थानीय एसएसपी और गृह मंत्री सम्राट चौधरी से भी बात की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका दोषियों को संरक्षण देने में पाई गई तो वह भी नहीं बख्शा जाएगा। पीड़ितों को अनुसूचित जाति आयोग के माध्यम से सरकारी स्तर पर मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी है कि पीड़ितों के मन में बैठे भय को दूर किया जाए और पार्टी कार्यकर्ता उनके घर लौटने के बाद भी उनके संपर्क में रहेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.