बिहार: शादी के दो महीने बाद मायके आई नवविवाहिता की हत्या, पोखर किनारे मिला शव; पुराने प्रेम संबंध पर शक
सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में शादी के दो महीने बाद मायके आई नवविवाहिता काजल कुमारी (19) की हत्या कर दी गई। 13 अगस्त से लापता काजल का शव 16 अगस्त की सुबह पोखर के किनारे मिला। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र स्थित गोपनाथपुर गांव में शादी के महज दो महीने बाद मायके आई नवविवाहिता काजल कुमारी (19) की निर्मम हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 13 अगस्त से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता काजल का शव तीन दिन बाद यानी 16 अगस्त की सुबह जंगल के पास एक पोखर के किनारे मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुजफ्फरपुर जिले के घनश्यामपुर गांव निवासी अनिल राय से 19 जून 2026 को शादी के बाद काजल 12 अगस्त को ही अपने मायके आई थी। उसके अचानक गायब होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन अंततः उसकी लाश मिलने से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
एकतरफा प्यार और पुराने प्रेम-संबंध का आरोप
इस जघन्य हत्याकांड के पीछे पुलिस और परिजनों द्वारा एकतरफा प्यार तथा पुराने प्रेम संबंध को मुख्य वजह माना जा रहा है। मृतका के पिता का सीधा आरोप है कि शादी से पहले काजल का गांव के ही युवक सुमित उर्फ राजा यादव के साथ प्रेम संबंध था। बताया गया कि सुमित इस शादी से बेहद नाराज था और हर हाल में काजल से शादी करना चाहता था। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से काजल का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी। घटना सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लापता होने के बाद दर्ज कराई गई थी शिकायत
काजल के लापता होने के बाद परिजनों ने 14 अगस्त को डुमरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित उर्फ राजा यादव, रामविनय यादव और एक अन्य व्यक्ति समेत कुल तीन लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुमित उर्फ राजा यादव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके खिलाफ डुमरा थाने में पहले से ही दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar: पिता के बाद अब इकलौते बेटे का भी उठा साया, मासूम की मौत से मां पर टूटा दुखों का पहाड़; हत्या की आशंका
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है, ताकि घटना के पीछे छिपे पूरे सच का पता लगाया जा सके।