Bihar News: भीषण सड़क हादसा, ट्रक और पिकअप की टक्कर में एक की मौत, दो लोग डीएमसीएच में भर्ती
दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित शोभन एम्स बाईपास रोड पर ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर में एक व्यवसायी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित शोभन एम्स बाईपास रोड पर ट्रक और पिकअप की जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग डीएमसीएच में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के धोईघाट निवासी इरशाद के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान अकबर और प्रियांशु कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
आमने-सामने की टक्कर में पिकअप के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि एकमीघाट से शोभन बाईपास जाने वाली सड़क पर चांडी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहन आपस में फंस गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय दोनों वाहनों के चालक कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। लेकिन पिकअप पर सवार तीन लोगों में एक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रियांशु की हालत डीएमसीएच में गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी सब्जी कारोबारी थे।
सब्जी खरीदने जा रहे थे, हादसा हो गया
मृतक के मौसा मो. जिलानी ने बताया कि शनिवार को सभी लोग केवटी प्रखंड के दिघीयार गांव से समस्तीपुर के बैंगन चौक सब्जी की थोक खरीदारी करने जा रहे थे। मो. इरशाद अपने मामा और प्रियांशु के साथ निकले थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक व पिकअप को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं बेंता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों में मातम का माहौल है।
पढ़ें: वैशाली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और चाकू; 11 लोग हुए घायल
पुलिस कर रही जांच, चालकों की तलाश जारी
बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है और उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।