सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar News : Illegal occupation land of Bajitpur PS by Mukhiya

Bihar: बाजितपुर थाना का उद्घाटन अटका, मुखिया के पति पर अतिक्रमण का आरोप, पुलिस प्रशासन परेशान

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा Published by: दरभंगा ब्यूरो Updated Sat, 21 Feb 2026 06:10 PM IST
विज्ञापन
सार

दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड में बाजितपुर थाना भवन का उद्घाटन पिछले चार साल से अटक गया है। आरोप है कि वर्तमान मुखिया के पति ने थाना परिसर की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।

Bihar News : Illegal occupation land of Bajitpur PS by Mukhiya
बाजीतपुर थाना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड स्थित बाजितपुर में थाने की जमीन पर कथित अतिक्रमण के कारण नवनिर्मित थाना भवन का उद्घाटन पिछले चार साल से नहीं हो पाया है। पुलिस विभाग ने 2022 से अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार पत्राचार और कार्रवाई की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका। बताया जा रहा है कि वर्तमान मुखिया के पति ने थाना परिसर के एक हिस्से पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे करोड़ों रुपये की लागत से बने नए भवन का उद्घाटन टलता रहा है।
Trending Videos


मुखिया के पति का बयान
अतिक्रमण का आरोप लगने के बाद मुखिया के पति ने इसे पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा थाना की भूमि पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार द्वारा जितनी भूमि थाना को आवंटित की गई थी, उतनी भूमि पहले से ही थाना परिसर के अधिकार में थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक उन्हें किसी नोटिस या कार्रवाई संबंधी पत्र नहीं मिला है और यदि भविष्य में प्रमाणित होता है कि उनके द्वारा अतिक्रमण किया गया है तो वे स्वयं उसे हटाने के लिए आगे बढ़ेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया
एसडीएम सदर विकास कुमार ने बताया कि अतिक्रमित जमीन किसी स्थानीय व्यक्ति के नाम से दर्ज है। अतिक्रमण वाद के माध्यम से इसे रद्द कराया जाएगा और जमीन को खाली कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच की जाएगी कि यह भूमि संबंधित व्यक्ति के नाम कैसे दर्ज हुई। वर्तमान में यह भूमि थाना के लिए आवंटित मानी जा रही है, और इसका सीमांकन भी हो चुका है।

पढ़ें: वैशाली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और चाकू; 11 लोग हुए घायल

जमीन का सीमांकन और अतिक्रमण का इतिहास
जानकारी के अनुसार, मौजा–बाजितपुर, थाना संख्या–176, खाता संख्या–1579, खेसरा संख्या–1356, कुल रकबा 0.57 एकड़ भूमि गृह विभाग द्वारा थाना भवन और आवासीय परिसर निर्माण के लिए विधिवत आवंटित की गई थी। 18 सितंबर 2020 को मनीगाछी सीओ द्वारा जमीन का सीमांकन और चौहदी निर्धारण कर ट्रेस नक्शा तैयार किया गया। इसके बावजूद सीमांकन के बाद भी उत्तर दिशा में मुख्य सड़क तक जाने वाली भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत आई। अतिक्रमण हटाने के लिए अतिक्रमण वाद संख्या 06/24 दर्ज किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

लगातार पत्राचार के बावजूद कार्रवाई नहीं
इस मामले में वर्ष 2022 में दो बार, वर्ष 2024 में तीन बार और वर्ष 2025 में पुनः स्मार पत्र भेजे गए। 25 नवंबर 2025 को थानाध्यक्ष बाजितपुर ने अंचल अधिकारी मनीगाछी को पत्र भेजकर सीमांकन और अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया। इसके बाद 28 नवंबर 2025 को वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल अतिक्रमण हटाने की अनुशंसा की।

थाना संचालन पर असर
भूमि उपलब्ध न होने के कारण भवन निर्माण कार्य फिलहाल केवल चाहरदीवारी तक ही सीमित है। इससे पुलिस प्रशासन के कार्य संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। प्रशासन ने कहा है कि अतिक्रमण जल्द ही हटाया जाएगा और थाना भवन का उद्घाटन संभव बनाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed