Bihar Crime: चचेरे भाई की हत्या के बाद शव जलाने का आरोप, DMCH भेजा गया अधजला शरीर; तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
Darbhanga News: दरभंगा के शिवराम गांव में बबलू लालदेव की हत्या कर शव जलाने का आरोप है। जमीन विवाद को लेकर रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने अधजला शव डीएमसीएच भेजा और तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू की है।
विस्तार
दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के शिवराम गांव में एक युवक द्वारा अपने ही चचेरे भाई की हत्या कर शव जलाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बबलू लालदेव के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक के बहनोई ने बहेड़ी थाना में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही बहेड़ी थानाध्यक्ष मामले की जांच में जुट गए।
सुबह मिली हत्या की सूचना, गांव की गाछी में जलाया गया शव
अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के मनोरथा गांव निवासी दिवंगत अशर्फी लालदेव के पुत्र राजेश लालदेव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार सुबह करीब आठ बजे उनके साढ़ू अनुज लालदेव ने मोबाइल पर सूचना दी कि उनके साला बबलू लालदेव की उसके ही चचेरे भाइयों ने हत्या कर दी है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को गांव की गाछी में ले जाकर जला दिया गया।
जमीन विवाद को बताया जा रहा कारण
राजेश लालदेव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे अपनी पत्नी रंगीला देवी के साथ शिवराम गांव पहुंचे। स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने बहेड़ी थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ दिन पूर्व उनके ससुर घूरन लालदेव से अशोक लालदेव और श्याम लालदेव ने शराब पिलाकर 15 धुर जमीन मात्र 70 हजार रुपये में लिखवा ली थी। इस सौदे का बबलू लालदेव विरोध कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया।
पढ़ें- Bihar Crime: दिल्ली में मामी और छह साल की बेटी की थी हत्या, आरोपी भांजा दरभंगा से गिरफ्तार
पुलिस ने अधजला शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। इस मामले में अशोक लालदेव, श्याम लालदेव और उनके पिता सीताराम लालदेव को नामजद आरोपी बनाया गया है।
बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही अधजले शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.