Bihar News:वीडियो कॉल पर झगड़ा और विवाहिता ने लगाईं फांसी, पति पर लगा प्रताड़ना का आरोप
दरभंगा के हायाघाट थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय विवाहिता ने पति से वीडियो कॉल पर हुए विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका रानी देवी का पति चेन्नई में मजदूरी करता है और कथित रूप से खर्च के लिए पैसे नहीं भेजता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
विस्तार
पैसे को लेकर होता था विवाद
परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर पैसे नहीं भेजने को लेकर फोन पर विवाद होता रहता था। शुक्रवार की रात भी दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अचानक रानी की आवाज बंद हो गई। जब परिजन वहां पहुंचे तो देखा कि वह फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया।
परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के भाई पप्पू सहनी और भाभी विभा देवी ने बताया कि रानी का पति पिछले तीन महीनों से घर नहीं आया था और खर्च के लिए पैसे भी नहीं भेजता था। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि रानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
ये भी पढ़ें: जहानाबाद में ये सरकारी स्कूल या मनमर्जी का अड्डा? शिक्षक ही तय करते हैं पढ़ाई का समय!
मृतका की भाभी ने आरोप लगाया कि जब भी रानी का पति घर आता था, वह उसके साथ मारपीट करता था। परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक तनाव के कारण रानी ने अपने तीन साल के बच्चे को छोड़कर यह कदम उठाया। परिजनों ने मामले में पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
