Bihar: हाइवा ने टेम्पो को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से जख्मी; डीएमसीएच में चल रहा इलाज
Bihar: दरभंगा-सकरी मुख्य मार्ग पर हरिनगर चौक के पास तेज रफ्तार हाइवा ने टेम्पो को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हाइवा जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
विस्तार
दरभंगा जिले के दरभंगा-सकरी मुख्य मार्ग पर हरिनगर चौक के पास मंगलवार को तेज रफ्तार हाइवा ने एक टेम्पो को रौंद डाला। इससे टेम्पो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय लोगों के सहयोग से बहेड़ा थाना की पुलिस ने घायल को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती करवाया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। इधर, बहेड़ा थाना की पुलिस की सूचना पर परिजन डीएमसीएच पहुंच गए हैं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिस्फी हाट गांव का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान मो. नजीर उर्फ गुदरी के रूप में हुई है, जबकि घायल मो. असलम टेम्पो चालक बताया जा रहा है। दोनों बिस्फी थाना क्षेत्र के बिस्फी हाट गांव के रहने वाले हैं। टेम्पो चालक की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
रिश्तेदार के घर जा रहा था मृतक
मृतक के चचेरे भाई सराफत हुसैन उर्फ नन्हे ने बताया कि उनका भाई गांव से टेम्पो रिजर्व करके बहेड़ी अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी दौरान सकरी-धरौड़ा मुख्य पथ पर हरिनगर चौक के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने टेम्पो को रौंद दिया, जिससे उनके भाई की मौत हो गई। वहीं, गांव का टेम्पो चालक मो. असलम गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। घटना की जानकारी परिवार को बहेड़ा थाना की पुलिस से मिली।
ये भी पढ़ें: मौत के बाद भी नहीं मिला इंसाफ, पटरी पर पड़ी रही युवक की लाश, पुलिस करती रही इलाक़े की लड़ाई
हाइवा जब्त
मृतक के पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और तीन बेटे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना की पुलिस ने मौके से दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार हो गया है। चालक और वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना में घायल टेम्पो चालक को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.