BPSC TRE: तेजस्वी यादव बोले- शिक्षक भर्ती परीक्षा कब लेगी सरकार? लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा
Bihar News: राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने युवाओं का मुद्दा उठाकर उनकी सरकार पर हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
विस्तार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शिक्षक अभ्यर्थियों के मुद्दे पर नीतीश सरकार को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 17 महीनों की महागठबंधन सरकार में मेरी विशेष पहल पर शिक्षा विभाग को राजद कोटे में लेकर सर्वप्रथम युद्ध स्तर पर TRE-1 और TRE-2 के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा के भीतर, बिना किसी पेपर लीक के, पूर्ण पारदर्शिता के साथ रिकॉर्ड 2,20,000 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग कराई गई। हमने TRE-3 की नियुक्ति प्रक्रिया भी प्रारंभ कराई, लेकिन जनवरी 2024 में हमारी सरकार के हटते ही पेपर लीक के कारण TRE-3 को रद्द कर दिया गया और बाद में यह परीक्षा भी विलंब से आयोजित हुई।
सीएम नीतीश कुमार ने क्या वादा किया था?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनावी वर्ष 2025 में वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं से वादा किया था कि बिहार के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की रिक्तियों की गणना कर जल्द ही TRE-4 परीक्षा आयोजित की जाएगी। आज उस घोषणा को लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक TRE-4 की वैकेंसी तक जारी नहीं की गई है।
भाजपा जदयू सरकार किस चीज में विफल रही?
तेजस्वी ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार TRE 4 परीक्षा अगस्त 2024 में ही हो जानी चाहिए थी, लेकिन चुनाव आयोग, तंत्र और 10 हजरिया की बदौलत सत्ता हासिल करने वाली भाजपा-जदयू सरकार युवाओं की जरूरतों को समझने में विफल रही। बाद में वर्ष 2025 के अक्टूबर में परीक्षा कराने की बात कही गई, ताकि चुनावी आचार संहिता लागू होते ही परीक्षा टल जाए और ऐसा ही हुआ। चुनाव हो गए, सरकार बन गई, कई महीने बीत गए, लेकिन आज भी शिक्षक अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं।
तेजस्वी ने कहा- मैंने पांच लाख नौकरियां दी
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए 17 महीनों में मैंने 5 लाख युवाओं को नौकरियां दीं और 3,50,000 से अधिक नौकरियों की प्रक्रिया शुरू कराई। लेकिन वर्तमान डबल इंजन सरकार बार-बार बिना कारण परीक्षा टालकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा पार हो रही है और उनका धैर्य जवाब दे रहा है। हर युवा नौकरी पाकर अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाना चाहता है और अपने परिजनों के सपनों को साकार करना चाहता है।
ये भी पढ़ें- BPSC TRE: तेजस्वी यादव बोले- शिक्षक भर्ती परीक्षा कब लेगी सरकार? लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा
युवाओं के सपनों की अनदेखी न करे सरकार
तेजस्वी ने कहा कि भले ही चुनाव जीतने के लिए भाजपा-जदयू ने बड़े-बड़े वादे किए हों, लेकिन यह युवाओं के हित से जुड़ा गंभीर मामला है। मेरी एनडीए सरकार से अपील है कि TRE-4 की वैकेंसी अविलंब जारी की जाए, क्योंकि यह लाखों युवाओं के भविष्य और उनके परिवारों की उम्मीदों का सवाल है। मेरी यह भी अपील है कि सत्ता की राजनीति में उलझकर भाजपा-जदयू सरकार बिहार के लाखों युवाओं के हक, अधिकार, मांगों, आकांक्षाओं, उम्मीदों और सपनों की अनदेखी न करे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.