Bihar: होली की छुट्टी में घर आया था छात्र, दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया; गोली लगने से हो गई मौत
समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में होली की छुट्टी पर घर आए पारा मेडिकल छात्र निलेश झा की गोली लगने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान घटना हुई। अस्पताल ले जाने के बाद सभी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
समस्तीपुर जिले में शनिवार देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पप्पू झा के पुत्र निलेश झा के रूप में हुई है। निलेश वाराणसी में पारा मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और होली की छुट्टियों में घर आया हुआ था। घटना विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर गांव की है।
ग्रामीणों के अनुसार निलेश अगले सप्ताह वापस वाराणसी लौटने वाला था। शनिवार की देर शाम गांव के कुछ दोस्त उसे बुलाकर मऊ बाजार ले गए। वहां सभी दोस्त मिलकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान निलेश को गोली लग गई।
गोली लगने के बाद उसके दोस्तों ने उसे उठाकर गांव के एक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर वे सभी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और निलेश को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि निलेश को गोली किसने मारी या हथियार की टेस्टिंग के दौरान गोली चली। परिजन भी इस मामले में कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। वहीं निलेश का मोबाइल फोन भी गायब बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मोबाइल की आखिरी लोकेशन मऊ बाजितपुर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि उसे गांव के आसपास ही गोली लगी होगी।
पढ़ें: बेटा ही बना दानव! जमीन विवाद में की पिता की ईंट-पत्थर से कुचकर हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं गोली किस परिस्थिति में और किसने चलाई, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में एसपी अरविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संभावना है कि दोस्तों के बीच हुई फायरिंग में निलेश को गोली लगी है। अस्पताल पहुंचाने के बाद सभी लोग मौके से भाग निकले। विद्यापतिनगर थाना की पुलिस को मौके पर भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।