Patna: रामनवमी पर रात 2 बजे खुलेगा पटना के महावीर मंदिर का पट, नैवेद्यम को लेकर की गई खास तैयारी
Patna: पटना के महावीर मंदिर में रामनवमी के अवसर पर 27 मार्च को रात 2 बजे से दर्शन शुरू होंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, सफाई, पानी, शौचालय, मेडिकल और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं।
विस्तार
रामनवमी के अवसर पर 27 मार्च को पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर का पट रात 2 बजे ही खोल दिया जाएगा। पट खुलने के बाद 15 मिनट तक आरती होगी और उसके तुरंत बाद श्रद्धालुओं के दर्शन और प्रसाद चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो देर रात तक जारी रहेगा। मंगलवार को इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था
रामनवमी के दिन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कतार में लगे भक्तों के लिए बैरिकेडिंग, धूप से बचाव के लिए छावनी, पर्याप्त रोशनी, पानी, शर्बत, मोबाइल शौचालय और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे, जिन पर लाइव पूजा का प्रसारण होगा।
अलग-अलग कतारें और लड्डू काउंटर
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी, जो वीर कुंवर सिंह पार्क से मंदिर तक जाएंगी। मंदिर परिसर के बाहर से लेकर वीर कुंवर सिंह पार्क तक कुल 15 नैवेद्यम लड्डू काउंटर लगाए जाएंगे। मंदिर के अंदर कोई काउंटर नहीं रहेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सरकारी सुरक्षा बलों के साथ-साथ 100 से 120 निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
ये भी पढ़ें: GPF राशि दिलाने के नाम पर हेड क्लर्क ने रिटायर कर्मी से मांगा कमीशन, 10 हजार लेते रंगे हाथ धराया
नैवेद्यम की विशेष तैयारी
इस बार मंदिर प्रशासन ने 24 हजार किलो नैवेद्यम (लड्डू) तैयार करने का लक्ष्य रखा है। शुरुआत में 18 हजार किलो नैवेद्यम तैयार रहेगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त 6 हजार किलो और तैयार किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि रामनवमी के दिन मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुगम और सुरक्षित दर्शन का अवसर मिल सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.