{"_id":"6aa90374f5283bc4e906e858","slug":"fish-smuggling-5-tonnes-of-banned-thai-mangur-seized-transported-kolkata-to-purnia-three-people-detained-2026-09-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"मछली तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: कोलकाता से पूर्णिया जा रही 5 टन प्रतिबंधित थाई मांगूर जब्त, तीन हिरासत में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मछली तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: कोलकाता से पूर्णिया जा रही 5 टन प्रतिबंधित थाई मांगूर जब्त, तीन हिरासत में
Tue, 15 Sep 2026 02:06 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
Published by: अस्मिता त्रिपाठी
Updated Tue, 15 Sep 2026 02:06 PM IST
सार
कोलकाता से पूर्णिया ले जाई जा रही करीब 5 टन प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगूर मछली मत्स्य विभाग ने दो ट्रकों से जब्त की। कार्रवाई में चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में लंबे समय से अवैध कारोबार की बात सामने आई है।
विज्ञापन
गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला मत्स्य विभाग ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से पूर्णिया ले जाई जा रही 50 क्विंटल प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगूर मछली जब्त की है। अधिकारियों ने घेराबंदी करके करीब पांच टन मछली से लदे दो बड़े ट्रकों को रास्ते में रोक लिया। टीम ने मौके से वाहन चालक अभिजीत कुमार सहित तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की कार्रवाई से सीमांचल क्षेत्र में प्रतिबंधित मछली का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया है।
विज्ञापन
कोलकाता से पूर्णिया जा रहे
जिला मत्स्य पदाधिकारी सनत कुमार के अनुसार विभाग को जानकारी मिली थी कि अंतरराज्यीय तस्कर कोलकाता से प्रतिबंधित थाई मांगूर की बड़ी खेप दो ट्रकों में लादकर पूर्णिया की मंडी में खपाने जा रहे हैं। विशेष टीम ने दोनों वाहनों को घेरकर जांच की। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने दोनों ट्रकों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांगूर मछली पाई और दोनों वाहनों समेत मछलियों को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने चालक अभिजीत कुमार और दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
लंबे समय से चला रहे अवैध कारोबार
विभाग की प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए धंधेबाजों ने दावा किया कि वे लंबे समय से इस अवैध कारोबार को चला रहे हैं। उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले थाना क्षेत्रों में मिलीभगत करके और मामला मैनेज करके नियमित रूप से इन मछलियों की आपूर्ति करने की बात कही है। हालांकि स्थानीय प्रशासन और जिला मत्स्य विभाग ने तस्करों के इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विभाग अब बंगाल के सप्लायर तथा पूर्णिया के मुख्य खरीदार की तलाश कर रहा है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य और पर्यावरण को गंभीर खतरा
केंद्र और राज्य सरकार ने देश भर में चाइनीज थाई मांगूर मछली के पालन, उत्पादन, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। मत्स्य अधिकारियों के अनुसार यह अत्यंत आक्रामक और मांसाहारी प्रजाति की मछली है, जो नदियों और तालाबों के प्राकृतिक जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को नष्ट कर देती है। इसके अलावा यह मछली बेहद गंदे पानी, सड़े-गले मांस और हानिकारक रसायनों के बीच तेजी से बढ़ती है। इसके सेवन से कैंसर, त्वचा रोग और गंभीर संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।