Bihar News: तालाब में पलटा ठेला पांच बच्चे बचे; नौ वर्षीय कुश की डूबने से मौत; गांव में पसरा मातम
गया जी के परसावां गांव में खेल-खेल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाथ-ठेले पर सवार होकर तालाब किनारे खेल रहे छह बच्चों में से नौ वर्षीय कुश कुमार की ठेला तालाब में गिरने से डूबकर मौत हो गई, जबकि पांच बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गया जी के कोंच प्रखंड के परसावां गांव में नौ वर्षीय कुश कुमार अपने दोस्तों के साथ खेलते-खेलते ऐसी दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। एक ठेले पर सवार होकर खेल रहे छह बच्चों की खुशी कुछ ही सेकंड में चीख-पुकार में बदल गई और परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।
बुधवार दोपहर परसावां गांव स्थित देवी स्थान के समीप तालाब किनारे कुछ बच्चे खेल रहे थे। खेल-खेल में छह बच्चे एक हाथ ठेले पर सवार हो गए। बच्चों को अंदाजा भी नहीं था कि यह खेल इतना खतरनाक साबित होगा। ढलान होने के कारण ठेला अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे तालाब के गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते सभी बच्चे पानी में डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण बने फरिश्ता, पांच बच्चों को बचाया
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े। बिना अपनी जान की परवाह किए कई लोग तालाब में कूद गए। ग्रामीणों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए एक-एक कर बच्चों को बाहर निकाल लिया। पांच बच्चों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन नौ वर्षीय कुश कुमार अधिक देर तक पानी में रहने के कारण बेहोश हो चुका था।
अस्पताल पहुंचते ही टूट गई उम्मीद
ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में कुश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोंच लेकर पहुंचे। परिवार को उम्मीद थी कि उनका बेटा बच जाएगा, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
ये भी पढ़ें- Bihar: बिहार को मिली बड़ी सौगात, खगड़िया-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग होगा फोरलेन; पीएम मोदी ने दी जानकारी
गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोंच थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
कुश की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में कुछ घंटे पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सिर्फ मातम और सिसकियां सुनाई दे रही हैं। गांव के लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है क्या इस तरह की घटना को टाला जा सकता था?

मौजूद ग्रामीण।