Bihar : थ्री इडियट मूवी जैसा सीन देखते रह गए लोग, स्कूटी पर मरीज को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचा युवक
गया जी के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिलने पर युवक अपनी बीमार दादी को स्कूटी से प्राइवेट अस्पताल ले गया। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
बिहार के गया जी स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्ट्रेचर उपलब्ध न होने की वजह से एक युवक को अपनी बीमार दादी, प्यारी देवी, को स्कूटी पर बैठाकर दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, प्यारी देवी को सांस लेने में तकलीफ होने पर उनके पोते ने उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। जब मरीज को वार्ड से बाहर ले जाने के लिए स्ट्रेचर मांगा गया, तो कथित रूप से बताया गया कि स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में युवक ने अपनी दादी को स्कूटी पर बैठाया और उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गया।
पढ़ें: बिहार में शिक्षा सुधार पर राजद ने उठाया सवाल, कहा- व्यवस्था को सुधारने के प्रयास केवल दिखावटी
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ा है। परिजन अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि यदि समय पर सुविधाएं और डॉक्टर उपलब्ध होते, तो उन्हें यह कदम नहीं उठाना पड़ता।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और अस्पताल में स्ट्रेचर की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सरकारी अस्पतालों में संसाधनों की कमी और प्रबंधन की खामियों को उजागर करती है और आम जनता के स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसे को प्रभावित करती है।