बिहार में दर्दनाक हादसा: मिट्टी खोदते समय भरभराकर धंस गया टीला, तीन मासूम बच्चियों की मौत से गांव में मातम
किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड में मिट्टी खोदने के दौरान टीला धंसने से तीन मासूम चचेरी बहनों की दबकर मौत हो गई। तीनों बच्चियां घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लेने गई थीं। हादसे के बाद एक ही परिवार में मातम पसरा है।
विस्तार
किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड से बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरुवाडांगा पंचायत स्थित सुल्तानगंज वार्ड संख्या-10 में मिट्टी खोदने गईं तीन मासूम चचेरी बहनों की टीला धंसने से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय तीनों बच्चियां घर के पास ही मिट्टी खोदने गई थीं। घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लाने के दौरान अचानक ऊपर का बड़ा टीला भरभराकर धंस गया। तीनों बच्चियां मिट्टी के ढेर के नीचे दब गईं। आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर सुना तो वे दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मिट्टी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें- बिहार: नीतीश कमार से मिलने क्यों पहुंचे सम्राट चौधरी, बताया किनके सहयोग से बिहार को बनाएंगे विकसित?
मृतक बच्चियों की पहचान जमदेश आलम की दो बेटियों नगमा प्रवीण (10 वर्ष) और निशा प्रवीण (9 वर्ष) तथा उनके सगे भाई फरियाद आलम की बेटी रूबी खातून (8 वर्ष) के रूप में हुई है। एक ही परिवार की तीन बच्चियों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की सूचना दिघलबैंक थाने की पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। घटना को लेकर गांव में शोक की लहर है। मृतक बच्चियों के घर पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई है।