Bihar News: तिलावे नदी में मिला महिला का शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका से बवाल
सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में तिलावे नदी से 45 वर्षीय मीना देवी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला बुधवार शाम से लापता थीं। परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के मनिया स्थित तिलावे नदी से गुरुवार सुबह 45 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित लोगों ने सोनवर्षा-महेशखुट मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर के आश्वासन पर लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
बुधवार शाम से लापता थीं महिला
मृतका की पहचान बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-4 निवासी मीना देवी, पति नरेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मीना देवी बुधवार शाम करीब चार बजे घर से निकली थीं और उसके बाद से लापता थीं। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह नदी में मिला शव
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने तिलावे नदी में एक महिला का शव देखा। सूचना मिलने के बाद लोगों ने शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शव की पहचान मीना देवी के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की दोनों बेटियां गुड्डी कुमारी और करुणा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
चेहरे पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि जमीन विवाद के कारण मीना देवी की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। परिजनों का कहना है कि मृतका के चेहरे पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
एफएसएल और पुलिस टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, बनमा ईटहरी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी और सोनवर्षा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।