Bihar News: चोरी की अफवाह पर बवाल, महिला को बंधक बनाकर पीटा; अस्पताल में चल रहा इलाज
सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया, जहां ग्रामीणों ने एक अज्ञात महिला को बच्चा चोर समझकर बंधक बना लिया और उसकी पिटाई कर दी।
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। सदर थाना क्षेत्र के मोरलाही के पास उग्र ग्रामीणों ने एक अज्ञात महिला को बच्चा चोर समझ लिया। ग्रामीणों ने उसे बंधक बना लिया और जमकर पिटाई कर दी। राहत की बात यह रही कि समय पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने महिला को भीड़ से सुरक्षित निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
गश्ती टीम की तत्परता से बची महिला की जान
सदर थाना की सब इंस्पेक्टर रूपा कुमारी ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मोरलाही के पास कुछ ग्रामीणों ने एक महिला को बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को समझाया और शांत कराया। इसके बाद महिला को उनके कब्जे से मुक्त कराकर सीधे सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला के शरीर में अंदरूनी चोट, पहचान अब तक साफ नहीं
सदर अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर सूरज कुमार ने बताया कि मारपीट के कारण महिला के शरीर में अंदरूनी चोट के संकेत मिले हैं। चोट की गंभीरता जानने के लिए उसका एक्स रे कराया जा रहा है। फिलहाल महिला काफी डरी हुई है और अपनी साफ पहचान नहीं बता पा रही है। वह केवल इतना कह पा रही है कि वह सहरसा जिले की रहने वाली है। शुरुआती जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रही है, लेकिन इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।
अस्पताल में जुटी लोगों की भीड़
बच्चा चोर पकड़े जाने की अफवाह पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल परिसर में महिला को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग और महिलाएं पहुंच गईं। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मेहनत करनी पड़ी।
अफवाह पर विश्वास न करें, होगी सख्त कार्रवाई
सदर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष शोएब अख्तर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर आंख बंद कर विश्वास न करें। किसी पर शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान की जांच कर रही है। पहचान स्पष्ट होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।