Bihar News: मधेपुरा में पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक के निलंबन पर छात्रों का हंगामा, NH-107 करीब ढाई घंटे जाम
मधेपुरा के घैलाढ़ में पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के निलंबन के विरोध में छात्रों ने एनएच-107 पर करीब ढाई घंटे जाम लगाकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों और पुलिस के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ। विभाग ने उन पर अनुशासनहीनता समेत कई आरोप लगाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के निलंबन के विरोध में गुरुवार को मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड स्थित भान टेकठी के सोनाय अनूप उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। छात्रों ने मधेपुरा-सहरसा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-107) पर मठाही बाजार के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ जाम दोपहर 12:40 बजे तक चला। करीब ढाई घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि मुकेश कुमार के प्रभारी प्रधानाध्यापक बनने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में काफी सुधार हुआ था। नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होने लगी थीं और पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ था। छात्रों ने उन्हें दोबारा विद्यालय का प्रभार सौंपने की मांग की। साथ ही उनका आरोप था कि विद्यालय में राजनीति करने वाले शिक्षक को हटाया जाए।
दरअसल, शिक्षा विभाग ने 16 मई को जारी पत्र के माध्यम से मुकेश कुमार को विद्यालय का प्रभार वरीय शिक्षक मो. इमरान आलम को सौंपने का निर्देश दिया था। आरोप है कि उन्होंने विभागीय आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद 6 जुलाई को विभाग ने दोबारा पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर प्रभार हस्तांतरित करने और स्पष्टीकरण देने का अंतिम निर्देश दिया। इस बीच 7 जुलाई को छात्रों ने विद्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय घैलाढ़ के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया था।
पढे़ं: 'लड़ाई में नहीं प्रशांत किशोर, दुकान चलाने के लिए बांकीपुर में उतरे'- चौधरी के तीखे बोल
इसके बावजूद 8 जुलाई को शिक्षा विभाग ने मुकेश कुमार को पुनः प्रभार देने के बजाय तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) की ओर से जारी आदेश में विभागीय निर्देशों की अवहेलना, समय पर प्रभार हस्तांतरित नहीं करने, स्पष्टीकरण नहीं देने, छात्रों को आंदोलन के लिए प्रेरित करने, कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में यह कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
निलंबन अवधि के दौरान मुकेश कुमार का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), चौसा निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार निलंबन भत्ता मिलेगा और नियमित रूप से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। वहीं, घैलाढ़ के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को मो. इमरान आलम को विद्यालय का प्रभार दिलाने तथा मुकेश कुमार को निलंबन मुख्यालय के लिए विरमित कराने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस मामले में अलग से आरोप पत्र जारी किया जाएगा।
उधर, सदर थाना और मठाही पुलिस के समझाने के बाद छात्रों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और विद्यालय परिसर में प्रदर्शन जारी रखा। सूचना मिलने पर एसडीएम संतोष कुमार, बीडीओ अविनाश कुमार और प्रभारी बीईओ नवलकिशोर सिंह विद्यालय पहुंचे तथा छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने छात्रों को कक्षाओं में भेजने के बाद विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली।