{"_id":"698491be98399f57990b414f","slug":"childs-death-after-vaccination-sparks-uproar-in-munger-probe-confirms-death-due-to-suffocation-munger-news-c-1-1-noi1377-3918371-2026-02-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: टीकाकरण के बाद बच्ची की मौत से मचा हंगामा, जांच रिपोर्ट में दम घुटने से जान जाने की बात आई सामने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: टीकाकरण के बाद बच्ची की मौत से मचा हंगामा, जांच रिपोर्ट में दम घुटने से जान जाने की बात आई सामने
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंगेर
Published by: मुंगेर ब्यूरो
Updated Thu, 05 Feb 2026 09:46 PM IST
विज्ञापन
सार
Munger News: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में डेढ़ माह की बच्ची की मौत के बाद टीकाकरण को लेकर हंगामा हुआ। जांच में स्वास्थ्य विभाग, डब्ल्यूएचओ व यूनिसेफ ने वैक्सीन नहीं, बल्कि दूध पिलाकर ढंग से सुलाने से दम घुटने को कारण बताया।
बच्ची की मौत के बाद शोक में डूबे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र के गोबड्डा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 09 के शिवपुर लौंगाय तांती टोला में गुरुवार की सुबह उस समय अफरातफरी और कोहराम मच गया, जब एक नन्हीं बच्ची की मौत की खबर सामने आई। मृत बच्ची के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा करवाए गए टीकाकरण को मौत का कारण बताते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद पूरे टोले में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
Trending Videos
हालांकि, बाद में मुंगेर स्वास्थ्य विभाग की चार सदस्य टीम डॉक्टर फैजुद्दीन, राकेश कुमार सिन्हा, अमित कुमार खड़गपुर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर सुबोध कुमार डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बच्ची की मौत का कारण दम घुटना बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित टीकाकरण अभियान के तहत गोबड्डा पंचायत के वार्ड संख्या 09 शिवपुर लौंगाय तांती टोला निवासी कार्तिक तांती की लगभग डेढ़ माह की पुत्री सरस्वती कुमारी को पेंटावैलेंट वैक्सीन दिया गया था। एएनएम शीला शबनम द्वारा कुल 11 बच्चों को टीका लगाया गया था। टीकाकरण के बाद बच्ची सामान्य रूप से घर चली गई और रात में सो गई। गुरुवार की सुबह जब परिजन बच्ची को जगाने पहुंचे तो उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद उसकी मौत की पुष्टि हुई।
पढ़ें- Bihar News: विचाराधीन कैदी नक्सली बीडीओ कोड़ा की PMCH में इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शामपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच मामले की सूचना पर डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की गहन जांच की।
वहीं, मृत बच्ची की मां ने बताया कि वैक्सीन देने के बाद उसे बुखार आ गया था, जिसके बाद रात में दूध पिलाकर उसे सुला दिया। लेकिन सुबह बच्ची नहीं उठी। उन्होंने बताया कि उसके बाद वह बच्ची को लेकर अतिरिक्त स्वास्थ केंद्र लड़ुई गईं, जंहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के बाद हवेली प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने बताया कि बच्ची की मौत वैक्सीन से नहीं, बल्कि दम घुटने की वजह से हुई है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद देर रात बच्ची की मां ने उसे दूध पिलाया और ढंककर सुला दिया था। संभवतः दूध पीने के बाद डकार न आने और गलत स्थिति में सुलाने के कारण बच्ची का दम घुट गया, जिससे उसकी मौत हो गई।