Bihar: समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर में प्रधान आशुलिपिक के क्वार्टर में बड़ी चोरी, लाखों की संपत्ति गायब
Bihar: मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर जिले में जिलाधिकारी कार्यालय के प्रधान आशुलिपिक राजू कुमार के सरकारी क्वार्टर में चोरी की घटना हुई। चोरों ने लैपटॉप, टैब, आईफोन, सोने-चांदी के आभूषण और नकद सहित लाखों रुपये की संपत्ति उड़ा ली।
विस्तार
मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान जिले की प्रशासनिक मशीनरी जहां पूरी तरह कार्यक्रम में व्यस्त थी, वहीं चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के प्रधान आशुलिपिक के सरकारी क्वार्टर को निशाना बना लिया। बेलन बाजार स्थित क्वार्टर में हुई इस चोरी की घटना ने न केवल पुलिस-प्रशासन की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि सरकारी आवासों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है।
क्वार्टर में किसी का ना होने का चोरों ने उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी के प्रधान आशुलिपिक राजू कुमार शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे समृद्धि यात्रा को लेकर सफियाबाद अड्डा गए हुए थे। उस समय क्वार्टर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश किया। चोरों ने मुख्य द्वार को छोड़कर पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ा और कटर से हैंडल काटकर अंदर घुस गए।
चोरों ने गुल्लक तक को नहीं छोड़ी
घर के भीतर घुसते ही चोरों ने अलमारी और कमरों की तलाशी ली। इस दौरान डेल कंपनी का एक लैपटॉप, सैमसंग का एक टैब, एक आईफोन, सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब एक लाख रुपये नकद उड़ा लिए। चोर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने घर में रखी बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी और उसे तोड़कर उसमें जमा पैसे भी अपने साथ ले गए। चोरी के दौरान घर का सारा सामान बिखेर दिया गया।
सीएम के कार्यक्रम से वापस आया तो नजारा देख हैरान
दोपहर में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब राजू कुमार अपने क्वार्टर लौटे, तो घर की स्थिति देख वे स्तब्ध रह गए। पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था, कमरों के ताले क्षतिग्रस्त थे और गोदरेज अलमारी खुली पड़ी थी। घर से कीमती सामान गायब था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
सूचना पर कासिम बाजार थाना अध्यक्ष रूबी कांत कच्छप पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए।
लैपटॉप में मौजूद था सरकारी डाटा
पीड़ित राजू कुमार ने बताया कि चोरी हुए लैपटॉप में महत्वपूर्ण सरकारी डाटा भी मौजूद था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। उन्होंने यह भी कहा कि बेलन बाजार स्थित सरकारी क्वार्टर अक्सर असुरक्षित रहते हैं और यहां पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। क्वार्टर के पास स्थित मैदान में खेलने आने वाले बच्चों के बहाने असामाजिक तत्व परिसर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।
ये भी पढ़ें: CM ने समृद्धि यात्रा में इस जिले को दी 678 करोड़ की सौगात, किया बड़ा एलान
पुलिस ने क्या बताया?
वहीं, कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबी कांत कच्छप ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का दावा किया है।