Bihar News: मुंगेर में मोबाइल को लेकर विवाद, 16 वर्षीय किशोरी ने दी जान; डांट-फटकार से हो गई थी आहत
मुंगेर के लल्लू पोखर में मोबाइल नहीं मिलने से आहत 16 वर्षीय छात्रा वैष्णवी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां गंगा स्नान के लिए गई थीं। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
मुंगेर शहर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत लल्लू पोखर मोहल्ले में गुरुवार को एक 16 वर्षीय किशोरी ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान संतोष साह की पुत्री वैष्णवी के रूप में हुई है। वह मध्य विद्यालय बेलन बाजार में कक्षा आठवीं की छात्रा थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, वैष्णवी पिछले करीब दस दिनों से नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रही थी। इस संबंध में विद्यालय के एक शिक्षक घर पहुंचे थे और शिकायत की थी कि वह दोपहर में मध्याह्न भोजन के समय ही स्कूल पहुंचती है। शिक्षक की शिकायत के बाद मां बेबी देवी ने उसे डांट-फटकार लगाई थी, जिसके बाद उसने स्कूल जाना लगभग छोड़ दिया था।
पढ़ें: सदन में नहीं आने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी पर कसा तंज, कहा- उनकी रुचि खत्म हो गई है
बताया गया कि गुरुवार सुबह वैष्णवी ने मां से मोबाइल फोन देने की जिद की। मां ने मोबाइल छिपा दिया और गंगा स्नान के लिए घाट चली गईं। इसी दौरान किशोरी ने अपने कमरे में गले में फंदा लगा लिया।
गंगा घाट से लौटने पर मां ने बेटी को फंदे से झूलते देखा तो चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल फंदे से उतारकर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. हर्षवर्धन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका पांच बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता नीलम चौक स्थित एक बिरयानी हाउस में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि मां घरों में चौका-बर्तन कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।