{"_id":"6960ebd5bfadd5cd64020a5e","slug":"laborers-demand-for-wages-proved-costly-questions-raised-over-suspicious-death-munger-news-c-1-1-noi1473-3823003-2026-01-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: ‘तीन महीने की मजदूरी नहीं, जबरन कराया काम’, मजदूर की मौत पर उठे गंभीर सवाल; पुलिस ने किया ऐसा दावा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: ‘तीन महीने की मजदूरी नहीं, जबरन कराया काम’, मजदूर की मौत पर उठे गंभीर सवाल; पुलिस ने किया ऐसा दावा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शेखपुरा
Published by: मुंगेर ब्यूरो
Updated Fri, 09 Jan 2026 06:51 PM IST
विज्ञापन
सार
Sheikhpura News: शेखपुरा में बेल्डिंग मजदूर कलाम शाह की मौत पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस सीसीटीवी के आधार पर हादसे की बात कह रही है। मजदूरी न मिलने और जबरन काम कराने के आरोपों की जांच जारी है।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मृतक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बिहार के शेखपुरा जिले में एक बेल्डिंग मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने मजदूर की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।
Trending Videos
बेल्डिंग दुकान में हुआ हादसा
मामला बरबीघा के मिशन थाना क्षेत्र के साकेत मोड़ पर स्थित एक बेल्डिंग दुकान का है। यहां काम करने के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमजानुपर गांव निवासी 37 वर्षीय कलाम शाह के रूप में हुई है। एंबुलेंस से शव घर पहुंचने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
परिजनों का हत्या का आरोप
परिजनों का कहना है कि शव के सिर, चेहरे और कंधे पर गहरे चोट के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई। मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद रफी आलम ने आरोप लगाया कि कलाम शाह खोजागाछी निवासी राजीव सिंह की दुकान में बेल्डिंग का काम करता था और पिछले तीन महीने से उसकी मजदूरी नहीं दी गई थी।
जबरन काम पर ले जाने का दावा
परिजनों के अनुसार, मजदूरी नहीं मिलने के कारण कलाम शाह काम पर नहीं जा रहा था। लेकिन शुक्रवार को दुकान मालिक जबरन उसे काम पर ले गया। उनका आरोप है कि किसी हादसे की सूचना परिजनों को नहीं दी गई और सीधे एंबुलेंस से शव घर भेज दिया गया। घटना के बाद दुकान मालिक के दुकान बंद कर फरार होने का भी दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: भाजपा नेता के भाई का खून से लथपथ शव बरामद, हत्या या आत्महत्या एंगल से जांच में जुटी पुलिस
सीसीटीवी फुटेज में गिरने की घटना
मिशन थानाध्यक्ष आदित्य रंजन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम दुकान पहुंची और जांच की गई। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि मजदूर सीढ़ी लगाकर ऊंचाई पर हथौड़े से काम कर रहा था और इसी दौरान अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर चोट लगी।
पुलिस जांच जारी
थानाध्यक्ष के अनुसार, मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज परिजनों को भी दिखाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई और जांच की जाएगी।
