Bihar: 'राहुल गांधी जहां जाते हैं, कांग्रेस को डुबो देते हैं', मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी का तंज; बजट पर भी बोले
Purnea News: पूर्णिया में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने केंद्रीय बजट 2026 को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने रोजगार, सौर ऊर्जा और कृषि योजनाओं की सराहना की और राहुल गांधी व कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए बजट को राज्य के लिए वरदान करार दिया।
विस्तार
बिहार सरकार के सहकारिता तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने पूर्णिया के प्रेस क्लब भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय बजट 2026 को ऐतिहासिक और बिहार हितैषी करार दिया। उन्होंने बजट के विकासवादी पहलुओं पर चर्चा करने के साथ-साथ विपक्षी दल कांग्रेस और राहुल गांधी पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने इस बजट को देश और विशेष रूप से बिहार के हितों के अनुकूल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने समाज के हर वर्ग चाहे वे किसान हों, मजदूर हों, युवा हों या महिलाएं सभी के उत्थान के लिए बजट में प्रावधान किए हैं। शिक्षा, चिकित्सा और कृषि को इस बजट का मुख्य स्तंभ बनाया गया है।
मंत्री ने कहा कि पटना और बनारस में जहाज मेंटेनेंस सेंटर खोलने का निर्णय बिहार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल तकनीकी क्षेत्र में राज्य की पहचान बनेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
पर्यावरण मंत्री के रूप में उन्होंने सौर ऊर्जा के प्रावधानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शहरों में मकानों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाने की योजना से बिहार में बिजली पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। बिहार सौर ऊर्जा के मामले में शून्य उत्सर्जन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
बजट में टेक्सटाइल निर्माण को लेकर की गई घोषणाओं पर उन्होंने कहा कि अब एक ही स्थान पर सूत की कटाई से लेकर कपड़ा तैयार होने तक की प्रक्रिया होगी। इससे उत्पादन लागत कम होगी और भारतीय उत्पाद वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनेंगे। जैविक खेती के क्षेत्र में अगले 5 वर्षों में 10 करोड़ लोगों को लाभान्वित करने और मवेशी विकास की योजनाओं से बिहार के ग्रामीण जनजीवन और किसानों की आय में क्रांतिकारी सुधार आएगा।
पूर्णिया और कोसी के बीच मखाना बोर्ड के निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि हम किसी झमेले में नहीं पड़ते हैं। मखाना बोर्ड का गठन होगा उससे जो प्रॉफिट होने वाला है या उससे जो भी टैग लगा हुआ है उससे पूरे दुनिया में मखाना की मांग बढ़ गई है। हम अपने राज्य के बारे में सोचे, उससे हमारे राज्य का किया फायदा होने वाला है।
पढ़ें- Bihar: महादलित समुदाय की पांच नाबालिग लड़कियों ने एक साथ खाया जहर, चार की तड़प तड़पकर मौत; एक की हालत गंभीर
एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम आने के सवाल पर मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जितना भाजपा का विरोध करती है, भाजपा का उतना ही विकास होता है और कांग्रेस का उतना ही ह्रास होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब समाज के लिए विश्वसनीय पार्टी नहीं रही। जहां-जहां राहुल गांधी गए हैं, वहां उन्होंने कांग्रेस को डुबोया है। उनके नेताओं को पता ही नहीं होता कि किस परिस्थिति में क्या बोल रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर जनता का विश्वास इतना अटूट है कि राहुल गांधी के हमलों का असर उल्टा होता है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि हम तो मनाते हैं कि राहुल गांधी बोलते रहें, क्योंकि उनके बोलने से हमारा ग्राफ बढ़ता है, इसलिए हम उनकी बातों को नोटिस में नहीं लेते।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
