सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Munger News ›   nitish kumar development projects during samriddhi yatra begusarai announcement by samrat choudhary

Bihar: समृद्धि यात्रा में CM नीतीश का बड़ा संदेश, तेज होगी विकास की रफ्तार, बेगूसराय में एयरपोर्ट की तैयारी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेगूसराय Published by: Ashutosh Pratap Singh Updated Sat, 14 Mar 2026 06:48 PM IST
विज्ञापन
सार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय के बियाडा परिसर में जिले से जुड़ी विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को प्रगति यात्रा से घोषित योजनाओं, सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया गया।

nitish kumar development projects during samriddhi yatra begusarai announcement by samrat choudhary
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बेगूसराय के बियाडा प्रांगण में जिले से जुड़ी विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान बेगूसराय के जिलाधिकारी कांत शास्त्री ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं और सात निश्चय-3 के तहत चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी साझा की।
Trending Videos


योजनाओं को तेजी से लागू करने का निर्देश

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जाए। साथ ही सात निश्चय-3 के तहत निर्धारित योजनाओं पर भी तेजी से काम शुरू करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार बनने के कुछ ही दिनों बाद सात निश्चय-3 कार्यक्रम को लागू किया गया है। इसका उद्देश्य बिहार को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)” का मुख्य मकसद राज्य के लोगों के रोजमर्रा के जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और उनके जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को सम्मान मिले और लोगों का जीवन आसान हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को लागू करने की अपील की, ताकि बिहार विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ सके।

पांच साल में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए राज्य में उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और स्वरोजगार करने वालों को कई तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है। इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। सरकार सभी जिलों में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि बिहार के युवा दक्ष और आत्मनिर्भर बन सकें तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए स्टार्टअप नीति भी बनाई गई है।

बैठक में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित कई विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी कांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष सहित कई वरीय अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।

बेगूसराय में एयरपोर्ट बनाने की तैयारी

इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बीरपुर और वाल्मीकिनगर की तरह जल्द ही बेगूसराय में भी एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य को समृद्ध बनाने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और हर जिले में उद्योग स्थापित किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है।

बेगूसराय में औद्योगिक गतिविधियों को मिल रही नई ऊंचाई

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान सम्राट चौधरी बेगूसराय और शेखपुरा भी पहुंचे। बेगूसराय के बीआईएडीए परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह ने जिस बेगूसराय में उद्योग की नींव रखी थी, आज उसी बेगूसराय में औद्योगिक गतिविधियों को नई ऊंचाई मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने यहां उर्वरक के क्षेत्र में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है।

रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेगूसराय में प्लास्टिक चेयर समेत कई अन्य उद्योग भी चल रहे हैं। सरकार राज्य के सभी जिलों में उद्योग स्थापित कर रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और लोगों का पलायन रुके। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में बिहार सरकार ने 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी और रोजगार देने का काम किया है।

पढ़ें: रात में घर से निकला युवक, सुबह खेत में मिला शव; पत्नी बोली- कर्ज मांगने वाला ही बना कातिल

सड़क और आधारभूत ढांचे में बड़ा बदलाव

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। पहले पटना से बेगूसराय जाने में चार से पांच घंटे लगते थे, लेकिन अब यह दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय हो रही है। वहीं मुजफ्फरपुर भी एक से डेढ़ घंटे में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि हल्दिया से रक्सौल एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है, जिसके बाद बेगूसराय से कोलकाता की दूरी भी पांच से छह घंटे में तय की जा सकेगी।

सिमरिया घाट का विकास और जलमार्ग योजना

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार की तर्ज पर सिमरिया घाट का विकास किया गया है। सड़क और रेल नेटवर्क के विस्तार के बाद अब बेगूसराय में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी काम हो रहा है। इसके साथ ही पटना से हल्दिया जलमार्ग को और सुगम बनाने की योजना भी बनाई जा रही है।

बुनियादी सुविधाओं में हुआ बड़ा सुधार

सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का काफी अभाव था। गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं थीं और राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं। लेकिन अब एनडीए सरकार के प्रयासों से राज्य में करीब 1 लाख 40 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिस बिहार का बजट कभी छह हजार करोड़ रुपये था, वह अब बढ़कर लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है।

बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पहले राज्य में केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गई है। आज राज्य में 22 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है, जिससे लगभग 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आ रहा है।

महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से करीब दो करोड़ महिलाओं को रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

शेखपुरा में भी दिया संबोधन

वहीं शेखपुरा में सम्राट चौधरी ने कहा कि आज जब वह श्रीबाबू की जन्मस्थली में लोगों के बीच आए हैं तो उन्हें गौरव महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह उसी तारापुर-खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं, जहां से कभी श्रीबाबू विधायक हुआ करते थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीबाबू ने विकास की जो नींव रखी थी, उसे आगे बढ़ाने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एनडीए सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय की दिशा में काम किया था, जबकि नीतीश कुमार ने विकास और सामाजिक न्याय दोनों को आगे बढ़ाने का काम किया है। सम्राट चौधरी ने एक बार फिर दोहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही बिहार का विकास लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed